
कोलकाता, 10 नवंबर (हि.स.)। विष्णुपुर घराने के प्रख्यात सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का सोमवार देररात कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पुत्री मीता नाग जानी-मानी सितार वादक हैं। अपने पीछे वह अनगिनत शिष्यों का एक बड़ा परिवार छोड़ गए हैं।
वयोवृद्ध सितार वादक उम्रजनित बीमारियों के कारण लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। 1939 में जन्मे मणिलाल नाग को संगीत की शिक्षा विरासत में मिली । उनके पिता गोकुल नाग भी विष्णुपुर घराने के प्रतिष्ठित सितार वादक थे और उन्होंने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता से ही प्राप्त की थी। अपने लंबे और यशस्वी करियर के दौरान, उन्होंने देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपने वादन का जादू बिखेरा और विष्णुपुर घराने की समृद्ध परंपरा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई।
संगीत के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2001 में उन्हें प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया । वर्ष 2020 में उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से अलंकृत किया गया।
पंडित मणिलाल नाग के परिवार के अनुसार, मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर उनके आवास से राज्य संगीत अकादमी ले जाया जाएगा, ताकि उनके प्रशंसक और संगीत प्रेमी उनके अंतिम दर्शन कर सकें। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार काशीपुर महाश्मशान में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर