
- ध्रुव कपिला-राधिका शर्मा की चुनौती समाप्त
कुमामोटो, 10 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला युगल जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने जापान मास्टर्स 2026 के दूसरे दौर में जगह बना ली है। मंगलवार को कुमामोटो प्रीफेक्चरल जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने जापान की हिनाता सुजुकी और नाओ यामाकिता को सीधे गेमों में हराया।
त्रीसा और गायत्री ने पहला गेम 21-17 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने अपना दबदबा बनाए रखा और 21-14 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला 42 मिनट तक चला। इस जीत के साथ दोनों ने प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पुरुष युगल में हरिहरन अमसकरुणन और अर्जुन एमआर को पूर्व विश्व चैंपियन मलेशियाई जोड़ी आरोन चिया और सोह वूई यिक के खिलाफ वॉकओवर मिला। मुकाबले के पहले गेम में भारतीय जोड़ी 11-6 से आगे थी, तभी मलेशियाई खिलाड़ियों ने चोट या अन्य कारणों का उल्लेख किए बिना मुकाबले से हटने का फैसला किया।
इससे पहले दिन में मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और राधिका शर्मा को क्वालीफिकेशन दौर में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को अमेरिका की चेन झी यी और फ्रांसेस्का कॉर्बेट ने सीधे गेमों में हराया।
पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 8-8 तक कड़ी टक्कर दी। हालांकि, ब्रेक तक अमेरिकी जोड़ी ने 11-9 की बढ़त बना ली और इसके बाद लगातार अंक जुटाते हुए गेम 21-16 से जीत लिया।
दूसरा गेम अधिक संघर्षपूर्ण रहा। भारतीय जोड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 14-14 से बराबर कर दिया, लेकिन इसके बाद चेन और फ्रांसेस्का ने लगातार अंक हासिल किए और 21-15 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे