चेन्नई, 10 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का त्योहार और लगातार मिली छुट्टियां समाप्त होने के बाद अपने-अपने गृह जिलों में गए लोगों की चेन्नई वापसी शुरू हो गई है। मंगलवार आधी रात से ही क्लाम्बक्कम स्थित कलैग्नर शताब्दी बस टर्मिनल पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। एक साथ हजारों लोगों के लौटने के कारण बस टर्मिनल के साथ-साथ जीएसटी रोड और त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ।
दीपावली का त्योहार परिवार और रिश्तेदारों के साथ मनाने के लिए तमिलनाडु के दक्षिणी और मध्य जिलों में गए लोग छुट्टियां समाप्त होने के बाद वापस चेन्नई पहुंच रहे हैं। इसके चलते सड़कों और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर यात्रियों और वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
दक्षिणी जिलों से कार, दोपहिया और बसों से चेन्नई लौट रहे लोगों के कारण त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग और जीएसटी रोड पर कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। परनूर टोल प्लाजा से पालार नदी पुल तक तथा सिंगपेरुमाल कोविल, मरैमलाई नगर, गुडुवांचेरी, उरप्पाक्कम और क्लाम्बक्कम में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। क्लाम्बक्कम बस टर्मिनल और तांबरम में भी यात्रियों की भारी भीड़ रही।
एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के चेन्नई लौटने से क्लाम्बक्कम बस टर्मिनल पर महानगर की बसों में सवार होने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रियों ने अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की है। इसके बाद परिवहन निगम की ओर से विशेष बसों के संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
बस टर्मिनलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों के सामान, मोबाइल फोन और सोने की चेन की चोरी या छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से विभिन्न इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है, जिससे कि भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व किसी वारदात को अंजाम न दे सकें।
इसी बीच, वेलाचेरी समेत कुछ इलाकों में धुंध और धुएं का असर भी देखने को मिला। कम दृश्यता के कारण वाहन चालक हेडलाइट जलाकर वाहन चलाते नजर आए। वहीं, बुजुर्गों और बच्चों को सांस संबंधी परेशानी होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV