वेल्लोर : पुरानी रंजिश में पीएमके नेता की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपित को पैर में गोली मारकर पकड़ा

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
घटना में घायल पूवरसन और पुलिस अधिकारी को भी अस्पताल में इलाज लेते हुए दृश्य


वेल्लोर, 10 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में गुडियात्तम के पास पुरानी रंजिश को लेकर पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) के नेता ज्ञानवेलु की देसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में उनका मित्र रघु भी घायल हो गया। वारदात के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपित पूवरासन को पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मंगलवार को इस घटना की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस के अनुसार, गुडियात्तम के पास सेंगुंद्रम गांव निवासी पीएमके नेता ज्ञानवेलु और उसी गांव के पूवरासन के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। सोमवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर मौखिक विवाद हुआ। इसी दौरान आरोप है कि पूवरासन ने अपने पास मौजूद बिना लाइसेंस की देसी बंदूक से ज्ञानवेलु पर गोली चला दी।

गोलीबारी में ज्ञानवेलु और उनके साथ मौजूद मित्र रघु घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को गुडियात्तम सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही ज्ञानवेलु की मौत हो गई। वहीं, घायल रघु को बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर के अडुक्कमपारई सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर ज्ञानवेलु के शव को पोस्टमार्टम के लिए अडुक्कमपारई सरकारी अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपित पूवरासन की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान पूवरासन ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो पूवरासन के पैर में लगी। गोली लगने से घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके हमले में घायल एक पुलिसकर्मी का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना के बाद गुडियात्तम और आसपास के इलाकों में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags