
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली में राज्य सरकार के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का किया उल्लेख-किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर जोर
भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक, निवेश, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक निजी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनल की ओर से आयोजित भारत कृषि सम्मेलन (एग्रीकल्चरल कॉन्फ्रेंस) के एक सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विशेष जोर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर है।
उन्होंने बताया कि किसानों को परंपरागत खेती के साथ नई तकनीकों और लाभकारी कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से निवेशकों को विभिन्न विभागों की आवश्यक अनुमतियां एक ही व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराने का प्रयास है। कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक कृषि भूमि को सिंचित क्षेत्र के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के साथ कृषि अधोसंरचना को भी मजबूत किया जा रहा है। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि सरकार महिला किसानों, युवाओं और प्रगतिशील किसानों को कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। कृषि को केवल परंपरागत व्यवसाय तक सीमित न रखकर आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और रोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल की जा रही है। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बेहतर बीज, आधुनिक उपकरणों और फसल प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने और बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय और जीवन स्तर में सुधार करना है। आधुनिक कृषि, निवेश, नवाचार और किसान-केंद्रित योजनाओं के समन्वय से मध्य प्रदेश को कृषि क्षेत्र में अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत