
- रखरखाव मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्रालय ने कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ किया करार
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। पिछले एक दशक में कई दुर्घटनाओं का शिकार हुए भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस बेतवा की मरम्मत कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में कराई जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में 498.58 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। ब्रह्मपुत्र श्रेणी के इस युद्धपोत की प्रणोदन प्रणाली में व्यापक बदलाव किया जाएगा। मरम्मत के बाद आधुनिक हथियार प्रणाली के माध्यम से पोत की युद्धक क्षमता बढ़ेगी।
इस परियोजना से जहाजों की मरम्मत एवं रखरखाव से जुड़े स्वदेशी औद्योगिक तंत्र की क्षमताएं और सुदृढ़ होंगी। विशेष रूप से इससे जटिल प्रणोदन प्रणाली में बदलाव तथा नौसैनिक प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में देश की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की भागीदारी होने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय जहाज निर्माण उद्योग और उससे जुड़े सहायक क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित होंगे।
यह परियोजना सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को नई गति प्रदान करेगी तथा देश की स्वदेशी नौसैनिक पोत मरम्मत एवं रखरखाव क्षमताओं को और मजबूत करेगी। इजराइल-लेबनान संघर्ष शुरू होने के समय 2006 में बेतवा युद्धपोत टास्क फोर्स 54 का हिस्सा था, जो भूमध्य सागर से लौट रहा था। ऑपरेशन सुकून के एक हिस्से के रूप में बेतवा ने लेबनान से साइप्रस तक भारतीय नागरिकों को निकालने में भाग लिया। उसके बाद यह जहाज कई बार दुर्घटनाओं का शिकार हुआ।
ब्रह्मपुत्र श्रेणी का यह युद्धपोत 4 जनवरी, 2014 को पानी के नीचे एक अज्ञात वस्तु से टकरा गया और सोनार गुंबद में दरार आ गई, जिससे संवेदनशील उपकरणों में समुद्र का खारा पानी प्रवेश कर गया था। इसके बाद 5 दिसंबर, 2016 को बेतवा मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड में क्रूजर ग्रेविंग डॉक के अंदर रिफिट मरम्मत के दौरान रिफ्लोटिंग और अनडॉकिंग करते समय सपोर्ट ब्लॉक से फिसल गया और अपने बंदरगाह की तरफ गिर गया, जिससे 2 नाविकों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। जहाज का मुख्य मस्तूल भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
इसके बाद 22 फरवरी, 2017 को जहाज को सीधा करके फिर से पानी में उतारा गया। बेतवा को अमेरिकी सैल्वेज कंपनी ने बिना किसी बाहरी लिफ्टिंग मैकेनिज्म का इस्तेमाल किए सिस्टमैटिक तरीके से उसके कम्पार्टमेंट में पानी भरकर और पंप करके सीधा किया। तीन नेवी ऑफिसर्स का कोर्ट मार्शल किया गया और उन्हें लापरवाही का दोषी पाया गया। इसके बाद 10 जनवरी, 2021 को जहाज पर एक 22 साल के नाविक की गोली लगने से मौत हो गई, कथित तौर पर यह सुसाइड था। इस जहाज ने मई, 2021 में साइक्लोन 'तौकते' के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लिया था।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम