बांग्लादेश में एनसीपी महिला सांसद के घर पेट्रोल बम से हमला, लगी आग

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
यह आवास नेशनल सिटीजन पार्टी की सांसद तबस्सुम का है।


ढाका (बांग्लादेश), 12 नवंबर (हि.स.)। देश में गुरुवार तड़के कुश्तिया के दौलतपुर उपजिला में नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) की सांसद नुसरत तबस्सुम के पैतृक घर में आग लगने से पांच कमरे जलकर खाक हो गए। पार्टी नेताओं का आरोप है कि हमलावरों ने घर पर पेट्रोल बम फेंके। आग आधी रात बाद बगोवान गांव में स्थित सांसद के घर पर लगी।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, दमकलकर्मियों ने रात करीब 1:50 बजे आग पर काबू पा लिया, लेकिन टीन की छत वाले इस एक मंजिला घर के आठ कमरों में से पांच कमरे पूरी तरह नष्ट हो गए। आग में दो बकरियों की भी मौत हो गई। पार्टी नेताओं का आरोप है कि घर को जानबूझकर पेट्रोल बम हमले का निशाना बनाया गया। उन्होंने इसके लिए अवामी लीग से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है और न ही इस बात की पुष्टि हुई है कि आग लगाने के लिए किसी विस्फोटक या ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया।

भेरामारा सर्कल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलावर हुसैन ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग से घर को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन यह पास की उस तीन मंजिला इमारत तक नहीं फैली, जहां तबस्सुम के माता-पिता रहते हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं। एनसीपी मीडिया सेल ने फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया है कि अवामी के लोगों ने सांसद के आवास पर पेट्रोल बम फेंके। एनसीपी प्रवक्ता आसिफ महमूद साजिब भुइयां ने एक अलग फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि घर को पेट्रोल बम से निशाना बनाया गया।

तबस्सुम एनसीपी की संयुक्त संयोजक हैं और पार्टी की सर्वोच्च नीति-निर्धारण इकाई, 'पॉलिटिकल काउंसिल' की सदस्य हैं। वह 13वीं राष्ट्रीय संसद में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलावर हुसैन ने कहा कि जांचकर्ताओं ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि आग पेट्रोल बम हमले के कारण लगी या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags