ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी आमतौर पर तेजी का रुख

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान शानदार बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज सुबह तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान चौतरफा लिवाली का माहौल रहा, जहां सभी प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज आम तौर पर तेजी का रुख बना हुआ है। एशिया में ज्यादातर प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में काम कर रहे हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी भी आज सुबह जोरदार बढ़त दिखा रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट पर बेहतरीन तेजी देखने को मिली। नियोक्लाउड कंपनी कोरवीव के मजबूत नतीजों ने एआई ट्रेड को लेकर निवेशकों की चिंताओं को कम किया। वहीं, लगातार दो सत्रों की भारी गिरावट के बाद एनवीडिया के शेयरों में भी स्थिरता लौटी। इस सपोर्ट के कारण बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 254.60 अंक यानी 0.49 प्रतिशत बढ़ कर 52,486.49 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स ने भी 98.45 अंक यानी 1.31 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,619.38 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 400.31 अंक यानी 1.60 प्रतिशत चढ़ कर 25,466.19 अंक के स्तर पर पहुंच गया। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल 80.72 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 52,567.21 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का जोर बना रहा। फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने 99.57 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज करते हुए 8,332.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी 315.32 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,662.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही ब्रिटेन के एफटीएसई इंडेक्स में भी मजबूती का रुख बना रहा । यह सूचकांक 83.88 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,835.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

ग्लोबल मार्केट के इन सकारात्मक संकेतों के बीच एशियाई बाजार में आज मिला-जुला रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से सात के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में काम कर रहे हैं। वहीं, दो सूचकांक दबाव के कारण लाल निशान में बने हुए हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी आज सुबह 171.50 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 25,397 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इंडोनेशिया के बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखी जा रही है, जहां जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 78.86 अंक यानी 1.54 प्रतिशत उछल कर 5,193.90 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी आज मजबूती का माहौल है। यह सूचकांक फिलहाल 17.79 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,393.15 अंक के स्तर पर आ गया है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 7.41 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,688.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसके अलावा जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 111.41 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,360 अंक के स्तर पर बना हुआ है। थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज मामूली सुधार दिख रहा है। यह सूचकांक फिलहाल 1.05 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,503.16 अंक के स्तर पर काम कर रहा है। इसी तरह सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स भी 1.03 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक तेजी के साथ 5,292.05 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

दूसरी ओर, हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में आज सुस्ती का रुख हावी है, जहां हैंगसेंग इंडेक्स 239.92 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,076 अंक के स्तर पर फिसल गया है। इसी तरह ताइवान स्टॉक एक्सचेंज पर भी आज दबाव बना हुआ है। इस दबाव की वजह से ताइवान वेटेड इंडेक्स 433.91 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 43,823.24 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags