पीएलआई योजना के तहत 10 गीगावाट एसीसी बैटरी क्षमता के लिए एमएचआई को 22 बोलियां मिलीं

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
भारी उद्योग मंत्रालय के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) को प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना के तहत 10 गीगावाट घंटा एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल (एसीसी) बैटरी विनिर्माण क्षमता के लिए कुल 22 बोलियां मिली हैं।

भारी उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल), विक्रम सोलर, अमारा राजा एडवांस्ड सेल टेक्नोलॉजीज और एक्साइड एनर्जी सॉल्यूशंस उन 22 कंपनियों में शामिल हैं, जिन्होंने सरकार की प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना के तहत ग्रिड-स्केल और एनर्जी स्टोरेज के लिए 10 गीगावाट-घंटा की एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल (एसीसी) निर्माण क्षमता के लिए यह बोलियां जमा की हैं।

एमएचआई ने कहा कि यह 10 गीगावाट क्षमता 'ग्रिड-स्केल स्टेशनरी स्टोरेज' (जीएसएसएस) अनुप्रयोगों के लिए निर्धारित की गई है और यह 'एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल' (एसीसी) बैटरी स्टोरेज पर राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत लक्षित कुल 50 गीगावाट एसीसी निर्माण क्षमता का हिस्सा है। 15 जुलाई को सीपीपी पोर्टल पर रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया गया था। 29 जुलाई को प्री-बिड कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। सीपीपी पोर्टल पर बोलियां जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर थी और 11 नवंबर को एमएचआई में बोलीदाताओं की उपस्थिति में तकनीकी बोलियां खोली गईं।

मंत्रालय ने कहा कि यह बोली प्रक्रिया एक पारदर्शी, दो-चरणीय 'क्वालिटी एंड कॉस्ट बेस्ड सिलेक्शन' (क्यूसीबीएस) प्रणाली के जरिए ऑनलाइन आयोजित की जा रही है। अपनी बोलियां जमा करने वाले बोलीदाताओं की सूची में एक्मे सोलर होल्डिंग्स, अवाडा इलेक्ट्रो, फुजियामा पावर सिस्टम्स, जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स, वारी एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस, गोदावरी न्यू एनर्जी, रिन्यू फोटोवोल्टिक्स और सन ड्रॉप्स एनर्जिया शामिल हैं।

इसके अलावा बोलीदाताओं की सूची में जीके एनर्जी, जेपीएम एनर्जी सॉल्यूशंस, लाइनिएज पावर, महेंद्र स्पंज एंड पावर, एनश्योर रिलायबल पावर सॉल्यूशंस, साई बायोएनर्जी, शिरडी साई इलेक्ट्रिकल्स और यूटेक्स न्यू एनर्जी जैसे अन्य नाम भी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags