
काठमांडू, 12 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता से समृद्ध नेपाल के रसुवा जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल गोसाईंकुंड में एक बार फिर घरेलू और विदेशी पर्यटकों का आगमन बढ़ने लगा है।
बीते 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से सड़क और पैदल मार्गों को नुकसान पहुंचने के बाद यहां का पर्यटन कारोबार प्रभावित हो गया था। हालांकि, अब आवागमन धीरे-धीरे सुगम होने के साथ पर्यटन गतिविधियां भी पटरी पर लौटने लगी हैं।
गोसाईंकुंड गांवपालिका के अध्यक्ष कैसांग नुर्पु तामांग ने बताया कि बाढ़ के बाद कुछ समय तक सुस्त पड़ा पर्यटन क्षेत्र फिर से सक्रिय होने लगा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल व्यवसायियों, गाइडों, परिवहन मजदूरों और अन्य छोटे कारोबारियों को राहत मिलने लगी है।
अध्यक्ष तामांग ने कहा, बाढ़ के बाद कुछ समय तक पर्यटन गतिविधियां लगभग ठप हो गई थीं। अब रास्ते सुगम होने के साथ घरेलू और विदेशी पर्यटक आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि गांवपालिका पैदल मार्गों की मरम्मत और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधा के लिए आवश्यक समन्वय कर रही है।
लांगटांग राष्ट्रीय निकुंज के सूचना अधिकारी एवं संरक्षण अधिकारी गणेश प्रसाद तिवारी ने भी बताया कि बाढ़ के बाद बाधित हुआ आवागमन सुचारु होने के साथ गोसाईंकुंड क्षेत्र में पर्यटकों का आगमन नियमित होने लगा है। उन्होंने कहा कि निकुंज की ओर से यहां के प्राकृतिक पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
नागरिक समाज रसुवा के अध्यक्ष बाबुलाल तामांग के अनुसार, सड़क और पैदल मार्गों की स्थिति में सुधार होने के बाद गोसाईंकुंड आने वाले तीर्थयात्रियों और ट्रेकर्स की संख्या बढ़ने लगी है। बाढ़ से रास्तों को नुकसान पहुंचने के कारण कुछ समय तक पर्यटन गतिविधियां प्रभावित रही थीं।
स्थानीय होटल व्यवसायी संतोष घले ने बताया कि पिछले कुछ समय से गोसाईंकुंड पहुंचने वाले घरेलू पर्यटकों और युवाओं की संख्या बढ़ रही है। पहले यहां जनै पूर्णिमा और गंगा दशहरा के अवसर पर ही तीर्थयात्रियों की अधिक भीड़ रहती थी लेकिन अब सालभर ट्रेकिंग और घूमने के लिए पर्यटक आने लगे हैं।
घले का कहना है कि यदि पैदल मार्गों का टिकाऊ तरीके से स्तरोन्नयन, संचार सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान दिया जाए तो इस क्षेत्र का पर्यटन स्थानीय लोगों की आजीविका के साथ राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे सकता है।
समुद्र तल से 4,380 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है गोसाईंकुंड
लांगटांग राष्ट्रीय निकुंज क्षेत्र में स्थित गोसाईंकुंड समुद्र तल से 4,380 मीटर की ऊंचाई पर रसुवा जिले की गोसाईंकुंड गांवपालिका-6 में स्थित है। करीब 13.80 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैली इस झील की लंबाई 625.55 मीटर, चौड़ाई 302 मीटर और गहराई 26 मीटर है। इसमें लगभग 14 लाख 72 हजार घनमीटर पानी मौजूद होने का अनुमान है।
हिंदू और बौद्ध धर्मावलंबियों की साझा आस्था का केंद्र गोसाईंकुंड प्राचीन काल से ही धार्मिक महत्व रखता है। हिंदू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, समुद्र मंथन से निकले हलाहल विष का सेवन करने के बाद भगवान शिव ने अपनी प्यास और जलन शांत करने के लिए त्रिशूल से पहाड़ पर प्रहार कर पानी निकाला था।
मान्यता है कि उसी पानी से गोसाईंकुंड का निर्माण हुआ। त्रिशूल के प्रहार से पानी निकलने की धार्मिक मान्यता के कारण इस क्षेत्र को त्रिशूलधारा से भी जोड़कर देखा जाता है।
स्थानीय समुदायों में गोसाईंकुंड को अलग-अलग नामों से जाना जाता है। तामांग समुदाय इसे 'ग्यो' या 'छोकर', शेर्पा समुदाय 'घ्यो', तिब्बती समुदाय 'छो' और नेवार समुदाय 'शिलु' के नाम से पुकारते हैं।
गोसाईंकुंड के आसपास भैरवकुंड, सरस्वतीकुंड, सूर्यकुंड, चंद्रकुंड, दूधकुंड और गणेशकुंड सहित कई अन्य कुंड भी हैं। यहां स्थित ऐतिहासिक अमरसिंह गुफा और स्थानीय तामांग समुदाय की मौलिक संस्कृति भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं।
रामसर सूची में भी शामिल है गोसाईंकुंड
गोसाईंकुंड क्षेत्र के पारिस्थितिक महत्व को देखते हुए इसे 5 अक्टूबर 2007 को रामसर सूची में शामिल किया गया था। यहां हिम तेंदुआ, लाल पांडा, कस्तूरी मृग और हिमालयी थार जैसे वन्यजीवों के साथ लालीगुरांस, ऑर्किड और अन्य हिमालयी वनस्पतियां पाई जाती हैं।
गोसाईंकुंड नेपाल के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यह क्षेत्र हेलम्बू, लांगटांग और तामांग हेरिटेज ट्रेल को भी जोड़ता है।
विशेष रूप से मई-जून में पड़ने वाले गंगा दशहरा और जुलाई-अगस्त में मनाई जाने वाली जनै पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ा धार्मिक मेला लगता है। रसुवा के पुरोहित टंकप्रसाद ढकाल के अनुसार, बालाचतुर्दशी के अवसर पर भी यहां विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास