वर्ल्ड टेनिस लीग का पांचवां सत्र 17 से 20 दिसंबर तक, बेंगलुरु करेगा मेजबानी

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
वर्ल्ड टेनिस लीग लोगो


पाउला बडोसा, युकी भांबरी और सुमित नागल सहित कई खिलाड़ी फिर उतरेंगे कोर्ट पर, जल्द घोषित होगी खिलाड़ियों और टीमों की पूरी सूची

बेंगलुरु, 12 नवंबर (हि.स.)। वर्ल्ड टेनिस लीग (डब्ल्यूटीएल) का पांचवां सत्र 17 से 20 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय टेनिस सितारों के साथ भारत के शीर्ष और उभरते खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन केएसएलटीए के एस.एम. कृष्णा टेनिस स्टेडियम में किया जाएगा।

आइकोनिक स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स द्वारा लाइसेंस प्राप्त और संचालित यह लीग अपने पांचवें सत्र में प्रवेश कर रही है। आयोजकों के अनुसार, पिछले पांच सत्रों में इस लीग ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस के कई बड़े नामों को एक मंच पर लाकर भारतीय टेनिस प्रतियोगिताओं में अपनी अलग पहचान बनाई है।

पिछले सत्र में हिस्सा लेने वाले कई खिलाड़ी एक बार फिर डब्ल्यूटीएल में वापसी करेंगे। इनमें पाउला बडोसा, युकी भांबरी, सुमित नागल, दक्षिणेश्वर सुरेश, माया राजेश्वरन रेवती और श्रिवल्ली भामिदिपति शामिल हैं। इनके अलावा इस सत्र में स्थापित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा।

हर सत्र के साथ लीग का स्तर बढ़ाने की कोशिश : महेश भूपति

वर्ल्ड टेनिस लीग के सह-संस्थापक महेश भूपति ने कहा, “पिछला सत्र वर्ल्ड टेनिस लीग के लिए एक रोमांचक अध्याय रहा। इसमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं और भारतीय खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण देखने को मिला, जिन्होंने कुछ यादगार टेनिस मुकाबले पेश किए। प्रशंसकों की प्रतिक्रिया और प्रतियोगिता के आसपास का उत्साह एक विशिष्ट वैश्विक टेनिस आयोजन तैयार करने के हमारे दृष्टिकोण को मजबूती देता है।”

उन्होंने कहा, “पांचवें सत्र में प्रवेश करते हुए हमारा लक्ष्य इस गति को आगे बढ़ाना, लीग को नए दर्शकों तक पहुंचाना और प्रत्येक संस्करण के साथ इसका स्तर और ऊंचा करना है।”

बेंगलुरु में वापसी को लेकर उत्साहित : हेमाली शर्मा

लीग की सह-संस्थापक हेमाली शर्मा ने कहा, “हमें वर्ल्ड टेनिस लीग को फिर से बेंगलुरु लाकर बेहद खुशी हो रही है। इस शहर की खेल संस्कृति मजबूत है और यहां टेनिस के प्रशंसकों की अच्छी संख्या है। ऐसे में यह पांचवें सत्र के लिए एक शानदार आयोजन स्थल है।”

उन्होंने कहा, “इस बार भी प्रतियोगिता में कुछ बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ भारत की स्थापित और उभरती टेनिस प्रतिभाएं एक मंच पर आएंगी। हम प्रशंसकों को एक यादगार अनुभव देने के साथ-साथ भारत में टेनिस प्रतिभा की गहराई का जश्न मनाने और एक और रोमांचक सत्र के लिए शानदार खिलाड़ियों को एक साथ लाने के लिए उत्सुक हैं।”

आयोजकों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती लोकप्रियता और भारत में मजबूत होते टेनिस ढांचे के बीच डब्ल्यूटीएल अंतरराष्ट्रीय टेनिस को भारतीय प्रशंसकों के करीब लाने का मंच बन रही है। साथ ही यह भारतीय उभरते खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देती है। पांचवें सत्र के खिलाड़ियों और टीमों की पूरी सूची आने वाले दिनों में घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags