वैदिक विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाएं : आचार्य देवव्रत

युगवार्ता    13-Nov-2026
Total Views |
Adopt modern technology to convey Vedic thoughts to the new generation: Acharya Devvrat


Adopt modern technology to convey Vedic thoughts to the new generation: Acharya Devvrat


Adopt modern technology to convey Vedic thoughts to the new generation: Acharya Devvrat


अजमेर, 13 नवम्बर(हि.सं.)। ऋषि उद्यान में शुक्रवार को तीन दिवसीय ऋषि मेला एवं स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह का शुभारंभ गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का युग है। यदि हम वैदिक विचारों और सामाजिक संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक को नहीं अपनाएंगे, तो पीछे रह जाएंगे। आज की चुनौतियां गंभीर हैं, इसलिए समय के साथ तकनीक को अपनाकर वैदिक विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है।

आचार्य देवव्रत ने गौ-संरक्षण, गुरुकुल शिक्षा, वैदिक संस्कृति और सामाजिक जागरण पर विचार व्यक्त करते हुए स्वामी श्रद्धानंद के जीवन और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद अंग्रेजों ने देश में भय का वातावरण बना दिया था। उस समय बड़े-बड़े नेता भी अंग्रेजों के सामने बोलने से हिचक रहे थे, लेकिन स्वामी श्रद्धानंद ने आगे आकर सभा की अध्यक्षता की और अंग्रेजी शासन को खुली चुनौती दी।

समारोह के दौरान परोपकारिणी सभा की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा गया। ज्ञापन में स्वामी श्रद्धानंद के राष्ट्र और समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने तीन पुस्तकों ‘नारी तुम केवल श्रद्धा हो’, ‘परोपकारी पत्रिका’ और ‘वैदिक संध्या मीमांसा’ का विमोचन किया।

परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि और मंत्री कन्हैयालाल आर्य ने बताया कि इस बार पहली बार ऋषि मेला महर्षि दयानंद सरस्वती के प्रमुख शिष्य स्वामी श्रद्धानंद के जीवन और विचारों को समर्पित किया गया है। आयोजन में उनके सामाजिक योगदान, गुरुकुल शिक्षा, सामाजिक समरसता, शुद्धि आंदोलन, राष्ट्रीय जागरण तथा महर्षि दयानंद के विचारों के प्रचार-प्रसार की भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि स्वामी श्रद्धानंद का मूल नाम मुंशीराम था। उनका जन्म पंजाब के जालंधर जिले के तलवन गांव में हुआ था। महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने वैदिक धर्म और समाज सुधार के कार्यों को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। संन्यास ग्रहण करने के बाद वे स्वामी श्रद्धानंद कहलाए। उन्होंने वैदिक शिक्षा के प्रसार के लिए गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना की तथा जातिगत भेदभाव और अस्पृश्यता के विरुद्ध आवाज उठाई। शुद्धि आंदोलन के माध्यम से भी उन्होंने सामाजिक जागरण का कार्य किया। 23 दिसंबर 1926 को दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2026 उनके बलिदान का शताब्दी वर्ष है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. योगानंद शास्त्री ने की। स्वागत करने वाले प्रतिनिधिमंडल में परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि, मंत्री कन्हैयालाल आर्य, अजमेर की महापौर अनामिका शर्मा, गुरुकुल कांगड़ी के पूर्व कुलपति सुरेंद्र कुमार तथा परोपकारी पत्रिका के संपादक डॉ. वेदपाल शामिल रहे।

समारोह को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद को महान समाज सुधारक बताया। कार्यक्रम का संचालन परोपकारिणी सभा के न्यासी डॉ. राजेंद्र विद्यालंकार ने किया। सहदेव बेधड़क ने भजन प्रस्तुत किए। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इससे पूर्व यज्ञ में आहुतियां भी दीं। इस दौरान सभा के प्रधान ओम मुनि, न्यासी स्वामी ओमानंद सरस्वती और भाजपा नेता गिरधारी लाल अग्रवाल आदि उनके साथ रहे।

सभा के मंत्री कन्हैयालाल आर्य ने बताया कि शनिवार को प्रातः अथर्ववेद पारायण यज्ञ होगा। तीन दिवसीय ऋषि मेले में योग, वैदिक प्रवचन, वैचारिक सत्र और भजनोपदेश के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य स्वामी श्रद्धानंद के जीवन, राष्ट्रसेवा, शिक्षा और समाज सुधार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को वैदिक संस्कृति से जोड़ना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Tags