
-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर की घोषणा- 5000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना है गंगा पर आधुनिक पुल
पटना, 13 नवंबर (हि.स.)। बिहार के बिदुपुर-राघोपुर छह लेन गंगा पुल को अब ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार आएंगे। इस अवसर पर वे ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के निर्माण पर 5000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। इसके लिए बिहार सरकार ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से करीब 3000 करोड़ रुपये का ऋण लिया, जबकि लगभग 2000 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से खर्च किए हैं।
इस पुल के निर्माण का निर्णय वर्ष 2015 में लिया गया था और 2016 में इसका शिलान्यास हुआ था। परियोजना को पूरा होने में करीब एक दशक का समय लगा है। इसकी चौड़ाई 32 मीटर है और इस पर वाहनों के 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की क्षमता निर्धारित की गई है।
यह आधुनिक छह लेन गंगा पुल पटना के सबलपुर को वैशाली जिले के बिदुपुर से राष्ट्रीय राजमार्ग-103 के माध्यम से जोड़ेगा। इसके अलावा पटना-बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से भी इसका सीधा संपर्क होगा।
पुल के पूरी तरह चालू होने के बाद पटना, वैशाली और उत्तर बिहार के अन्य क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है। इससे सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा व्यापार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी