ओडिशा में ट्रक से टकराई बंगाल के तीर्थयात्रियों की बस, कई घायल

युगवार्ता    13-Nov-2026
Total Views |
दुर्घटना सांकेतिक छवि


कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। ओडिशा के जाजपुर जिले में शुक्रवार तड़के पश्चिम बंगाल से पुरी जा रहे तीर्थयात्रियों की बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए। बस में करीब 55 तीर्थयात्री सवार थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से करीब 55 यात्रियों को लेकर बस पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जा रही थी। शुक्रवार तड़के ओडिशा के जाजपुर जिले के बड़चना थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पुरी पश्चिम बंगाल के लोगों के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है। राज्य के विभिन्न जिलों से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बसों के माध्यम से भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags