क्वाड नेताओं की 17 नवंबर को मनीला में होगी बैठक

युगवार्ता    13-Nov-2026
Total Views |
क्वाड नेताओं की सिंतबर 2024 में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और जपान, अमेरिका और आस्ट्रेलिया के  तत्कालीन नेता (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी फिलीपींस यात्रा के दौरान भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान से मिलकर बने हिन्द-प्रशांत से जुड़े चार देशों के समूह क्वाड के शीर्ष नेताओं की बैठक होने जा रही है।

सूत्रों के अनुसार क्वाड नेताओं की बैठक 17 नवंबर को होगी। यह बैठक पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के बाद होगी। यह पहली बार है कि क्वाड नेताओं की बैठक इन देशों के बजाय किसी अन्य देश में हो रही है। साथ ही फिलीपींस हिन्द प्रशांत क्षेत्र के केंद्र में पड़ता है।

क्वाड शिखरवार्ता सितंबर 2024 के बाद नहीं हुई। क्वाड देशों के शीर्ष नेता पिछली 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के विलमिंगटन में साथ बैठे थे। इसके बाद से समूह की मंत्री स्तर की बातचीत ही होती रही है।

उल्लेखनीय है कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया से मिलकर बना क्वाड एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बनाए रखने पर केंद्रित है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार सुबह तीन दिवसीय यात्रा पर मनीला रवाना होंगे। यहां वे वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने और व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags