महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मुकाबले दर्शकों के लिए होंगे निःशुल्क

युगवार्ता    13-Nov-2026
Total Views |
महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के सभी मुकाबले दर्शकों के लिए होंगे निःशुल्क


- भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होगा नौवां संस्करण, टिकटजिनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप से प्राप्त कर सकेंगे प्रवेश पास

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल के सभी मुकाबलों में दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। टूर्नामेंट का नौवां संस्करण 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे।

हॉकी इंडिया के अनुसार दर्शक निःशुल्क प्रवेश पास प्राप्त करने के लिए टिकटजिनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद मुकाबलों की सूची में से अपनी पसंद के मैच का चयन कर डिजिटल प्रवेश पास हासिल किया जा सकेगा। इस पास पर क्यूआर कोड होगा, जिसे स्टेडियम में प्रवेश के समय स्कैन कराना अनिवार्य होगा। टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले 19 से 25 नवंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 28 नवंबर को पदक के लिए मुकाबले खेले जाएंगे।

हॉकी इंडिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य देश में हॉकी के माहौल को और मजबूत करना, उभरती प्रतिभाओं को अधिक अवसर देना और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को आम दर्शकों तक पहुंचाना है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क करना भोपाल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के करीब लाने का शानदार तरीका है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी ऐसा आयोजन बने, जहां परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी शीर्ष स्तर की प्रतिस्पर्धा के रोमांच का अनुभव कर सकें।

हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों को बिना किसी प्रवेश शुल्क के दर्शकों के लिए उपलब्ध कराते हुए उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, “भोपाल के लोगों को एशिया की कुछ बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का अवसर मिलेगा। हमें उम्मीद है कि स्टेडियम उत्साही दर्शकों से भरा रहेगा। इस तरह की पहल खेल और उसके प्रशंसकों के बीच जुड़ाव मजबूत करने के साथ ही अगली पीढ़ी के हॉकी खिलाड़ियों को प्रेरित करती है।”

मेजबान भारतीय टीम 19 नवंबर को उद्घाटन समारोह के बाद मलेशिया के खिलाफ अपना पहला लीग मुकाबला खेलेगी। इसके बाद भारत का सामना 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से होगा। जापान के खिलाफ मुकाबले के साथ भारत का लीग चरण समाप्त होगा।

निःशुल्क प्रवेश पास के लिए पंजीकरण लिंक:

https://ticketgenie.in/ticket/Madhya-Pradesh-Womens-Asian-Champions-Trophy-Bhopal-2026?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags