
- दुकानों और विभागीय स्टॉलों का आवंटन पूरा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
- 14 नवंबर से शुरू होगा ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेला
पिथौरागढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। भारत-चीन सीमा व्यापार के दोबारा शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले को लेकर इस बार खासा उत्साह है। कोविड काल के बाद वर्ष 2019-20 से बंद पड़ा सीमा व्यापार फिर शुरू होने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को मेले में नई रौनक आने की उम्मीद है। आगामी 14 नवंबर से शुरू होने वाले इस मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाजार सज चुका है और दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
जौलजीबी मेला सीमांत क्षेत्र की सांस्कृतिक,सामाजिक और व्यापारिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन माना जाता है। भारत-चीन सीमा से जुड़े व्यापारिक संबंधों और पारंपरिक मेल-मिलाप की वजह से इस मेले का अपना विशिष्ट महत्व रहा है। सीमा व्यापार के दोबारा शुरू होने से इस बार मेले में विभिन्न प्रकार की नई सामग्री और वस्तुओं के पहुंचने की संभावना है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने बताया कि मेले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाजार पूरी तरह सज चुका है और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और आमजन से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जौलजीबी मेला हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। मेले में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं और स्टार नाइट कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। जनसहभागिता से ही ऐसे पारंपरिक आयोजनों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
वहीं, मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि मेले के उद्घाटन को लेकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मेले में दुकानों और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का आवंटन पूरा कर लिया गया है। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को सजाने का काम शुरू कर दिया है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि दुकानदारों और पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों के पालन तथा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों को अपनी दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले के लिए आवंटित दुकानों को उपकिराये पर देना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी दुकानदार की ओर से दुकान की सबलेटिंग किए जाने की शिकायत मिलती है या जांच में ऐसा मामला सामने आता है तो संबंधित दुकान को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने मेले में आने वाले व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और अन्य लोगों से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है। प्रशासन को उम्मीद है कि सीमा व्यापार के दोबारा शुरू होने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चलते इस वर्ष जौलजीबी मेले में पहले से अधिक उत्साह और चहल-पहल देखने को मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय