दक्षिणी लेबनान में यूएन शांति मिशन जारी रखने की राष्ट्रपति आउन की मांग

युगवार्ता    14-Nov-2026
Total Views |

बेरूत, 14 नवंबर (हि.स.)। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) के मिशन को जारी रखने और उसके जनादेश का नवीनीकरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा शांति मिशन को जारी रखना संभव नहीं हो तो संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा सकती है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा का शून्य पैदा न हो।

लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, आउन ने संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव अमीना मोहम्मद के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने जोर दिया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव 1701 दक्षिणी लेबनान में भविष्य की किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए कानूनी आधार और प्रमुख संदर्भ बना रहना चाहिए।

देश में सभी हथियारों को राज्य के नियंत्रण में लाने के मुद्दे पर राष्ट्रपति आउन ने कहा कि इस दिशा में कोई भी कदम उठाते समय सुरक्षा, राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, मानवीय और विकास संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखना जरूरी है।

लेबनान के दौरे पर पहुंचीं संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव अमीना मोहम्मद ने भी कहा कि सुरक्षा और सैन्य उपायों के साथ विकास, मानवीय सहायता तथा संस्थागत प्रयासों को आगे बढ़ाना होगा। उनके अनुसार, आबादी की पीड़ा समाप्त करने के लिए इन सभी मोर्चों पर एक साथ काम करना जरूरी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags