बम धमाकों की धमकियों के बीच प्राइवेट जेट से इंदौर पहुंचे दिलजीत दोसांझ, रविवार को होगा कॉन्सर्ट

युगवार्ता    14-Nov-2026
Total Views |
प्राइवेट जेट से इंदौर पहुंचे दिलजीत दोसांझ


इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार, 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ शनिवार देर शाम निजी विमान से इंदौर पहुंच गए हैं। वह मैरिएट होटल में रुके हैं।

रविवार को शहर के बायपास स्थित सी-21 एस्टेट में होने वाले कॉन्सर्ट के लिए अब तक 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इनकी कीमत 7.17 करोड़ रुपये बताई गई है। चार लाख वर्गफीट में फैले आयोजन स्थल पर विशाल मंच तैयार किया गया है। एक ओर प्रशंसक अपने पसंदीदा कलाकार को सुनने के लिए उत्साहित हैं, तो दूसरी ओर लगातार मिल रही बम धमकियों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी बढ़ा दी है। आयोजन को लेकर सुरक्षा का व्यापक घेरा तैयार किया गया है।

टिकटों से 7.17 करोड़ की कमाई, निगम को मिला 60.82 लाख का टैक्स

कॉन्सर्ट के टिकटों की बिक्री ने आयोजन के बड़े पैमाने का अंदाजा दे दिया है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के मुताबिक, आयोजकों ने सात करोड़ रुपए से अधिक की टिकट बिक्री की जानकारी दी है। मनोरंजन कर के नियमों के तहत खर्च घटाने के बाद होने वाली आय पर 10 प्रतिशत की दर से 60 लाख 82 हजार 795 रुपए अग्रिम कर जमा कराया गया है। 15 नवंबर तक बिकने वाले अतिरिक्त टिकटों का कर 16 नवंबर को जमा कराने का भरोसा दिया गया है।

500 जवानों की तैनाती, दिन में चार बार होगी तलाशी

धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने आयोजन स्थल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह के अनुसार, मैदान से लेकर आसपास के नाकों और प्रमुख चौराहों तक 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बम निरोधक दस्ते और क्राइम ब्रांच की टीमें दिन में तीन से चार बार पूरे मैदान की तलाशी ले रही हैं।

महापौर सचिवालय से स्कूलों तक भेजे गए धमकी भरे मेल

दिलजीत के कार्यक्रम से पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय, बैंकों और तीन निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिल चुके हैं। इनमें बच्चों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की चेतावनी भी दी गई थी। ग्वालियर हाईकोर्ट को मिले इसी तरह के ई-मेल के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसने ई-मेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने का दावा किया है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि इंदौर में मिली धमकियों की जांच में देवास की एक निजी कंपनी के कर्मचारी निखिल गुप्ता की हैक की गई ई-मेल आईडी के इस्तेमाल की बात सामने आई है। लॉग-इन रिकॉर्ड में वीपीएन और अमेरिका का संदिग्ध आईपी एड्रेस मिला है। पुलिस डार्क वेब और साइबर नेटवर्क के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। अब तक मिली धमकियां फर्जी पाई गई हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही।

दोपहर 4 से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

कॉन्सर्ट के चलते रविवार को आठ घंटे यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। दोपहर चार बजे से रात 12 बजे तक बेस्ट प्राइज मोड़ से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों और बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों को इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags