यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान से पीछे हटीं सऊदी समर्थित सेनाएं, बहरीन में ईरान का ड्रोन हमला

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |

सना/मनामा, 15 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रही सऊदी अरब समर्थित सेनाओं ने बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास के मोर्चों से पीछे हटकर दक्षिणी तटीय शहर अदन की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया है। इसी बीच ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए। इन घटनाओं ने अमेरिका और उसके खाड़ी सहयोगियों पर दबाव बढ़ा दिया है।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में लड़ रही दक्षिणी सेनाओं ने रविवार को अपनी तैनाती में बदलाव की घोषणा की। दक्षिणी सशस्त्र बलों के बयान के अनुसार, धुबाब हवाई अड्डे और ताइज प्रांत के पश्चिम में स्थित बाब-अल-मंदेब क्षेत्र से सैनिकों को हटाकर अदन और आसपास के प्रांतों की सुरक्षा मजबूत की जा रही है। सेना ने इसे राजधानी अदन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और मौजूदा खतरों से निपटने के लिए उठाया गया कदम बताया है।

यमनी सैन्य सूत्रों के मुताबिक, बाब-अल-मंदेब के आसपास तैनात सरकारी सैनिकों को अदन से करीब 150 किलोमीटर पश्चिम में अल-सुकयाह की ओर भेजा गया है। वहीं, अदन के उत्तर में पहाड़ी इलाकों में हूती लड़ाके ताइज शहर के पास तुर अल-बाहा क्षेत्र तक पहुंच गए हैं। यह इलाका ताइज से करीब 80 किलोमीटर दूर है। हूतियों ने लंबे समय से यमन के तीसरे सबसे बड़े शहर ताइज की घेराबंदी कर रखी है।

बहरीन में अमेरिकी ठिकाने पर ड्रोन हमले का दावा

इस बीच, ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाने का दावा किया है। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में छह ड्रोन से सैन्य ठिकाने पर हमला किया।

बहरीन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को रोककर नष्ट कर दिया। सितंबर के बाद यह पहला मौका बताया गया है, जब बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली ने ऐसे हमलों को रोका है। हमले की आशंका के बीच प्रशासन ने नागरिकों और निवासियों से शांत रहने तथा नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की।

इससे दो दिन पहले भी आईआरजीसी ने बहरीन में अमेरिकी प्रारंभिक चेतावनी रडार केंद्र पर हमला करने का दावा किया था। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि उसने दो ईरानी ड्रोन को बीच में ही रोक दिया और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags