अरुणाचल प्रदेश के नामसाई पहुंचीं भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियां, 20 नवंबर तक श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला से नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा ले जाते हुए भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियां 14 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा पहुंचीं। राज्य में इनके प्रदर्शन का यह तीसरा और अंतिम चरण है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (सेवानिवृत्त) ने नामसाई में अस्थियों का स्वागत किया। श्रद्धालु 20 नवंबर तक गोल्डन पैगोडा में इनके दर्शन कर सकेंगे।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, पवित्र अस्थियों को नालुंग हेलीपैड पर औपचारिक रूप से प्राप्त करने के बाद गोल्डन पैगोडा (कोंगमु खाम) में स्थापित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बौद्ध धर्मगुरु मौजूद रहे। इसके बाद राज्यपाल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

राज्यपाल ने कहा कि पवित्र अस्थियां भगवान बुद्ध के जीवन, ज्ञान प्राप्ति और उनकी शाश्वत शिक्षाओं का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष, असहिष्णुता और हिंसा के दौर में शांति, करुणा, ज्ञान और अहिंसा का बुद्ध संदेश विशेष महत्व रखता है। उन्होंने लोगों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और सद्भाव तथा आपसी सम्मान पर आधारित समाज बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गोल्डन पैगोडा के ध्यान केंद्र में दो विशेष प्रदर्शनियों का भी उद्घाटन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ की ओर से आयोजित ‘अनअर्थिंग द सेक्रेड पिपरहवा : द स्टोरी ऑफ द होली बुद्धा रेलिक्स एंड देयर डिस्कवरी’ प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के पिपरहवा में हुई पुरातात्विक खोजों और बुद्ध की पवित्र अस्थियों के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व को दर्शाया गया है। इसमें पिपरहवा रत्न संग्रह की यात्रा और एक सदी से अधिक समय बाद 2025 में उसकी भारत वापसी को भी शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली की ओर से तैयार दूसरी प्रदर्शनी ‘क्रॉसरोड्स ऑफ धम्मा : क्लासिकल लेगेसीज, लिविंग आर्ट एंड एंथ्रोपोलॉजिकल पर्सपेक्टिव्स’ में बौद्ध धर्म की कला, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है।

इससे पहले पश्चिम कामेंग जिले के बोमडिला स्थित थुबचोग गत्सेल लिंग मठ में 8 से 13 नवंबर तक छह दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की गई थी। इस दौरान 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र अस्थियों के दर्शन किए। इससे पहले 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक तवांग मठ में आयोजित प्रदर्शनी में 31 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। इस तरह तवांग और बोमडिला में कुल 66 हजार से अधिक लोगों ने दर्शन किए।

अरुणाचल प्रदेश में पवित्र अस्थियों की प्रदर्शनी 13 वर्ष के अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। नामसाई में 14 से 20 नवंबर तक दर्शन के बाद पवित्र अस्थियों को 21 नवंबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय वापस ले जाने का कार्यक्रम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags