विदेशी निवेशकों ने नवंबर में झोंके 76,188 करोड़ रुपये, तीन साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। लगातार दो महीनों की भारी बिकवाली के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में ऐतिहासिक वापसी की है। सिर्फ दो सप्ताह के भीतर ही विदेशी निवेशकों ने घरेलू बाजार में इतना पैसा लगा दिया है कि तीन साल पुराना मंथली रिकॉर्ड भी टूट गया है। विदेशी निवेशकों के इस जबरदस्त उत्साह से दलाल स्ट्रीट की रौनक फिर से लौट आई है और घरेलू निवेशकों का मनोबल भी काफी मजबूत हुआ है।

स्टॉक मार्केट के आंकड़ों के मुताबिक इस महीने 13 नवंबर 2026 के बीच विदेशी निवेशकों ने भारतीय इक्विटी मार्केट में 76,188.75 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है। इससे पहले किसी एक महीने में सर्वाधिक विदेशी निवेश का रिकॉर्ड दिसंबर 2023 के नाम दर्ज था, जब एफपीआई ने एक महीने में 66,135 करोड़ रुपये का निवेश किया था। इस बार नवंबर मे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने ताबड़तोड़ खरीदारी करते हुए नया कीर्तिमान बना डाला। महीने के शुरुआती नौ कारोबारी सत्रों में ही एफपीआई द्वारा दिसंबर 2023 बनाया 66,135 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पीछे छूट गया और अब एक नया रिकॉर्ड स्थापित हो गया है।

नवंबर की यह ताबड़तोड़ खरीदारी इसलिए भी बेहद खास है, क्योंकि इससे ठीक पहले के दो महीनों में विदेशी निवेशकों ने बाजार से जम कर पूंजी निकाली थी। सितंबर महीने में विदेशी निवेशकों ने 35,861 करोड़ रुपये और अक्टूबर महीने में 34,843 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। इस तरह दो महीनों में कुल 70,704 करोड़ रुपये भारतीय बाजार से बाहर चले गए थे, जिसकी पूरी भरपाई नवंबर के शुरुआती दो हफ्तों में ही हो गई है।

विदेशी निवेशकों के भारत की ओर अचानक हुए इस रुझान के पीछे ग्लोबल टेक मार्केट में आई उथल-पुथल को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। हाल के दिनों में दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला है। एआई के बुनियादी ढांचे पर हो रहे बेतहाशा खर्च और उससे होने वाले वास्तविक मुनाफे को लेकर वैश्विक निवेशकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

ग्लोबल एआई शेयरों में अनिश्चितता के कारण निवेशकों ने भारत जैसे सुरक्षित बाजारों का रुख किया है, जिसे मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट में भी सही ठहराया गया है। इसके अलावा मजबूत तिमाही नतीजों, बैंकिंग व टेलीकॉम जैसे क्षेत्रों की हिस्सेदारी तथा सेबी द्वारा एलटीसीजी टैक्स समाप्त करने की संभावित सिफारिश ने भी बाजार में नया जोश भरा है।

हालांकि, यह अभी केवल एक प्रस्ताव है, लेकिन इसकी वजह से भी बाजार में सकारात्मक माहौल बना है और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इस तेजी का लाभ लेकर मुनाफावसूली की है। विश्लेषकों का मानना है कि घरेलू शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की यह वापसी एक सकारात्मक संकेत है, परंतु यह स्थिरता कंपनियों की आय और वैश्विक आर्थिक कारकों पर निर्भर करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags