
-उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का असर होगा तेज-तमिलनाडु, पुडुचेरी, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। देश के मौसम में एक साथ कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उत्तर भारत में जहां ठंड और कोहरे का प्रभाव बढ़ने लगा है, वहीं बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा मौसमी सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने विभिन्न राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अब गहरे निम्न दबाव के बाद दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इसके सोमवार को दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचकर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। मौसम प्रणाली के लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने की संभावना जताई गई है।
इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में स्थिति प्रतिकूल रहने और तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका को देखते हुए संबंधित राज्यों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर को सुबह के समय अधिकांश इलाकों में हल्की धुंध तथा कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
18 नवंबर को कोहरे का प्रभाव और बढ़ सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ इसके 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है।
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 से 19 नवंबर के बीच व्यापक स्तर पर बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वी भारत के राज्यों में भी चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है। ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के तटीय इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की आशंका है।
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत के मिजोरम और त्रिपुरा में 19 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर और असम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।
मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। 19 से 21 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम अगले कुछ दिनों में दक्षिण और पूर्वी भारत के मौसम को व्यापक रूप से प्रभावित कर सकता है। ऐसे में तटीय क्षेत्रों के साथ-साथ भारी बारिश की आशंका वाले राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी