प्रयागराज में होने वाली इंदिरा मैराथन में पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 नवंबर

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
प्रयागराज में होने वाली इंदिरा मैराथन में पंजीकरण कराने में एक दिन शेष, रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 17 नवंबर


मुरादाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश और प्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय धावक प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की फुल मैराथन (42.195 किमी.) और हाफ मैराथन (21.097 किमी.) दौड़ होगी। इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण कराने में एक दिन शेष बचा है, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 17 नवंबर हैं।

मुरादाबाद जनपद के क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय प्रयागराज और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मैराथन की शुरुआत ऐतिहासिक स्थल आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे होगी। धावक शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पहुंचकर दौड़ पूरी करेंगे।

फुल मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 11 सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10-10 हजार रुपये मिलेंगे। हाफ मैराथन में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें तीन सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

क्रीड़ाधिकारी ने आगे बताया कि मुरादाबाद मंडल के इच्छुक पुरुष और महिला खिलाड़ी वेबसाइट http://indiramarathon.co.in पर 17 नवंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को बैंक का नाम, खाता संख्या व आईएफएससी कोड की जानकारी भी लानी होगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags