-आईएफएफआई के साथ होगा आयोजन, भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर रहेगा जोर-निर्माण, वित्त पोषण और वितरण के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जुटेंगे देश-विदेश के फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और फिल्मकारों को निर्माण, वित्त पोषण तथा वितरण के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण 20 से 24 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के साथ ताज सिडाडे डी गोवा होराइजन में होगा।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) की ओर से वर्ष 2007 में दक्षिण एशियाई कहानियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया फिल्म बाजार आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। यह फिल्मकारों, निर्माताओं, निवेशकों, वितरकों, बिक्री प्रतिनिधियों और फिल्म महोत्सवों के चयनकर्ताओं को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। अब वेव्स फिल्म बाजार के नाम से संचालित यह मंच दक्षिण एशियाई सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय बाजार और दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
वेव्स फिल्म बाजार की प्रमुख पहलों में सह-निर्माण बाजार, एनएफडीसी पटकथा लेखक प्रयोगशाला और निर्माणाधीन फिल्म प्रयोगशाला शामिल हैं। सह-निर्माण बाजार के तहत चयनित फीचर फिल्मों और वृत्तचित्रों को अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं तथा वित्त पोषण उपलब्ध कराने वाले संस्थानों एवं निवेशकों से जोड़ने का अवसर मिलता है। वहीं, पटकथा लेखक प्रयोगशाला के माध्यम से उभरती लेखन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाता है। निर्माणाधीन फिल्म प्रयोगशाला में फिल्मकारों को अपनी परियोजनाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलता है।
इसके अतिरिक्त व्यूइंग रूम, बाजार स्क्रीनिंग और निर्माता प्रयोगशाला के जरिए फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को आपसी संपर्क बढ़ाने, परियोजनाओं के विकास और संभावित खरीदारों एवं वितरकों तक पहुंच बनाने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। ज्ञान श्रृंखला के तहत उद्योग जगत के विशेषज्ञ वितरण, कारोबारी मॉडल, उभरते रुझानों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। आयोजन में विभिन्न देशों और राज्यों के मंडप, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियां तथा बाजार स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
फिल्म बाजार ने पिछले वर्षों में कई चर्चित फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और उनकी यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनमें ‘शिप ऑफ थीसियस’ (2012), ‘अन्हे घोड़े दा दान’ (2011), ‘मिस लवली’ (2012), ‘द लंचबॉक्स’ (2013), ‘लायर डाइस’ (2013), ‘कोर्ट’ (2014), ‘न्यूटन’ (2017), ‘मंटो’ (2018), ‘फायर इन द माउंटेन्स’ (2021), ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ (2024), ‘शेप ऑफ मोमो’ (2026) और ‘लिटिल थॉमस’ (2026) जैसी फिल्में शामिल हैं।
एनएफडीसी की ओर से अब तक 21 क्षेत्रीय भाषाओं की 300 से अधिक फिल्मों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है। इनमें से कई फिल्मों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पहचान हासिल की है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर