साप्ताहिक समीक्षा : ज्यादातर क्रिप्टो करेंसीज पर बढ़ा दबाव, बिटकॉइन में लगभग 18 प्रतिशत की गिरावट

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। सोमवार से रविवार के बीच चौतरफा बिकवाली के कारण शीर्ष 15 में शामिल अधिकांश प्रमुख डिजिटल संपत्तियां गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करती रहीं। अमेरिकी स्पॉट बिटकॉइन ईटीएफ से लगातार पूंजी निकासी और फेडरल रिजर्व की सख्त ब्याज दर नीतियों की आशंका ने निवेशकों का मनोबल तोड़ दिया। निवेशकों के बीच बने निगेटिव सेंटिमेंट की वजह से क्रिप्टो करेंसी मार्केट का लीडर बिटकॉइन इस सप्ताह के कारोबार में लगभग 18 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया।

मार्केट कैपिटलाइजेशन के मोर्चे पर इस सप्ताह क्रिप्टो वर्ल्ड को बड़ा झटका लगा है। सप्ताह की शुरुआत में ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप लगभग 2.55 ट्रिलियन डॉलर के आसपास बना हुआ था, वह आज भारतीय समय के अनुसार शाम 6:30 बजे तक घट कर 2.14 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर सिमट गया। इस तरह सिर्फ सात दिन के भीतर क्रिप्टो करेंसी सेक्टर के इन्वेस्टर्स की संपत्ति में करीब 400 अरब डॉलर से अधिक की कमी आ गई।

दुनिया की सबसे बड़ी आभासी मुद्रा बिटकॉइन के लिए यह सप्ताह बेहद निराशाजनक रहा। इस सप्ताह के कारोबार में बिटकॉइन में साप्ताहिक आधार पर 17.94 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को लगभग 75,794 डॉलर के स्तर पर कारोबार करने वाला बिटकॉइन लगातार फिसलते हुए रविवार सुबह 62,199 डॉलर के निचले स्तर पर आ गया। पूरे सप्ताह में बिटकॉइन की कीमत में करीब 13,595 डॉलर की बड़ी टूट दर्ज की गई है, जिससे यह जुलाई 2026 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।

दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम पर भी इस सप्ताह बिकवाली का जबरदस्त दबाव बना रहा। सप्ताह के पहले दिन 2,234 डॉलर के स्तर के आसपास रहने वाला एथेरियम फिसल कर रविवार की शाम 1,718 डॉलर के भाव पर आ गया। साप्ताहिक आधार पर एथेरियम के मूल्य में करीब 516 डॉलर प्रति कॉइन यानी 23 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है।

शीर्ष 15 में शामिल अन्य प्रमुख ऑल्टकॉइन्स के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो वहां भी चौतरफा मंदी का असर साफ दिखाई दिया। साप्ताहिक आधार पर सोलाना में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई और यह 90.26 डॉलर के स्तर से करीब 24.89 प्रतिशत यानी 22.47 डॉलर टूट कर 67.79 डॉलर पर आ गई। इसी तरह एक्सआरपी 1.18 डॉलर के स्तर से 23.72 प्रतिशत फिसल कर 0.90 डॉलर पर आ गया है।

इसके अलावा प्रमुख ऑल्टकॉइन्स में शामिल बीएनबी 695.53 डॉलर से लगभग 11.32 प्रतिशत घट कर 616.77 डॉलर के आसपास आ गया है। कार्डानो में भी भारी गिरावट जारी रही और यह 0.2062 डॉलर के साप्ताहिक स्तर से लगभग 22 प्रतिशत टूटकर 0.16 डॉलर के नीचे फिसल गया है।हाइपरलिक्विड 72.76 डॉलर से फिसल कर 66.28 डॉलर पर और ट्रॉन 0.3184 डॉलर से घटकर 0.30 डॉलर के स्तर पर आ गए हैं।

इस चौतरफा बिकवाली के बीच केवल स्थिर डिजिटल टोकन यानी स्टेबलकॉइन्स ही अपनी जगह पर टिके रहने में सफल रहे। टेथर और यूएसडी कॉइन दोनों ही 0.9990 से 0.9998 डॉलर के अपने स्थिर दायरे में बने रहे। बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख और ईटीएफ से निकासी के कारण बाजार में काफी डर का माहौल है। ऐसे माहौल में शॉर्ट टर्म में बिटकॉइन के लिए 60,000 डॉलर का स्तर एक बेहद अहम आधार बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags