बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान देश के लिए गौरव का विषय,योगदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा : राम माधव

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर  आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव सहित अन्य।


-अंग्रेजों की नीतियों के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर खड़ा किया बड़ा आंदोलन

- 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस के तहत होंगे कार्यक्रम

देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, नेतृत्व और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का ऐसा गौरवशाली अध्याय है, जिसे देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनजातीय समाज को जागरूक और संगठित कर जिस आंदोलन का नेतृत्व किया, उसने स्वतंत्रता संघर्ष को नई ऊर्जा दी। बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के नायक नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए गौरव और प्रेरणा के प्रतीक हैं।

राम माधव ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में यह बात कही। इससे पहले भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि 15 नवंबर देश के जनजातीय समाज के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। झारखंड की धरती से जुड़े बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की जनजातीय विरोधी नीतियों और शोषण के खिलाफ समाज को एकजुट किया। उन्होंने लोगों में जागरूकता पैदा कर बड़ा आंदोलन खड़ा किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित पहचान दिलाना और उसके गौरवशाली इतिहास से देश को परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उत्तराखंड में भी विभिन्न जनजातीय समुदायों की समृद्ध परंपराएं और ऐतिहासिक योगदान रहा है। भाजपा इस विरासत को सम्मान देने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगी। जनजातीय बहुल क्षेत्रों के साथ पार्टी के जिला कार्यालयों में भी आयोजन होंगे।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन को किसी एक वर्ग, पार्टी या संगठन तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। यह समाज के सभी वर्गों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम था। जनजातीय समाज ने भी अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में बड़ी भूमिका निभाई, लेकिन उसके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की जरूरत है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान को विशेष महत्व दिया जा रहा है। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 18 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उनके संघर्ष, बलिदान और सामाजिक जागरण के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के योगदान से परिचित हो सके।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags