
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में शनिवार को आयोजित भारत समिट को देश के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने में लगे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब गुजरात में निवेश समिट आयोजित की जाती थी। भाजपा शासित राज्यों में भी निवेश समिट के जरिए विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने और राज्यों की आर्थिक क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित राज्यों में ऐसे मंचों का इस्तेमाल देशहित के बजाय अराजकता फैलाने और भारत को अस्थिर करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट ऐसा मंच था, जो भारत और तेलंगाना को मजबूती प्रदान कर सकता था, लेकिन इसका उपयोग भारत की छवि खराब करने के लिए किया गया। समिट में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मौजूदगी के दौरान पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया।
भाटिया ने सवाल किया कि जब एक विदेशी नेता भारतीय लोकतंत्र और जनादेश का उपहास उड़ा रहा था, तब राहुल गांधी ने उसे रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह नहीं कहते कि भारत के लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया हमारे आंतरिक मामले हैं और किसी विदेशी नेता को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय राहुल ताली बजाते हैं और हंसते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि समिट से जुड़े एक वीडियो क्लिप ने भारतीयों को आहत और शर्मिंदा किया है। राहुल गांधी का भारतीय लोकतंत्र पर विदेशी व्यक्ति की टिप्पणी के दौरान ताली बजाना और हंसना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी देश की भावनाओं को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया है।
भाटिया ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गहरी नफरत और लगातार चुनावी पराजयों के कारण राहुल अपना राजनीतिक संतुलन खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इतने कमजोर हो चुके हैं कि अपने दम पर चुनाव नहीं जीत सकते और उन्हें विदेशी ताकतों की सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी जियाकोमो फिलिबेक के भारत के मंच से दिए गए बयान का समर्थन करते हैं?
भाटिया ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और हमेशा मजबूत रहेगा। भारतीय मतदाता ही यह तय करेंगे कि देश में किसकी सरकार बनेगी। भारतीय लोकतंत्र किसी विदेशी नेता की स्वीकृति का मोहताज नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता भाटिया ने भारत समिट के खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि भारत की छवि खराब करने वाले बयानों के लिए सरकारी राजस्व से कितनी राशि खर्च की गई? कांग्रेस ने समिट के आयोजन में कितना योगदान दिया? उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से आयोजित किसी भी कार्यक्रम में देशहित सर्वोपरि होना चाहिए और आयोजकों को खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी