

नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। मिस्र के आधिकारिक दौरे पर गए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत-मिस्र के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत दोनों देश एक-दूसरे के देशों में स्टार्टअप के प्रवेश पर विस्तृत चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने घरेलू स्टार्टअप कंपनियों को कई अवसर दिए हैं और इनमें से कई सीधे उपभोक्ताओं के साथ काम कर रहे हैं।
काहिरा में भारत-मिस्र स्टार्टअप फोरम को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि दोनों देशों के अधिकारियों को इस पर मिलकर काम करना होगा कि किस तरह दोनों देशों के स्टार्टअप को एक-दूसरे के बाजारों में काम करने और सहयोग करने के अवसर भी दिए जा सकते हैं। गोयल ने कहा कि हमने हर बाजार में स्टार्टअप के प्रवेश को आसान बनाने की कोशिश की है, ताकि वे अपने विचार और उत्पाद की उपयोगिता साबित कर सकें।
उन्होंने बताया कि भारत और मिस्र के बीच भविष्य में तरजीही व्यापार समझौते या मुक्त व्यापार समझौते की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
गोयल ने आगे कहा कि हम एक-दूसरे के देशों में स्टार्टअप के प्रवेश पर विस्तृत चर्चा करेंगे। उन्हें सरकारी खरीद में अवसर देने या भारत में विभिन्न मंचों पर अपने विचार पेश करने का मौका देने पर भी विचार किया जा सकता है, ताकि दोनों देशों की कंपनियां एक-दूसरे के यहां के स्टार्टअप के साथ जुड़ सकें।
गोयल ने कहा कि नवाचार अकेले पनप नहीं सकता। भारतीय और मिस्र के उद्यमियों को एक साथ काम करते, विचारों का आदान-प्रदान करते और विकास के नए अवसर तलाशते हुए देखकर बहुत खुशी हो रही है। नील से लेकर गंगा तक भारत-मिस्र व्यावसायिक साझेदारी का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है।
भारत और मिस्र ने संभावित व्यापार समझौते पर औपचारिक बातचीत शुरू करने के लिए संदर्भ शर्तों को अंतिम रूप देने को एक संयुक्त कार्यसमूह गठित करने का फैसला किया है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर