आईएफएफआई 2026 में चमकी 'मेड इन इंडिया–ए टाइटन स्टोरी', सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज के लिए नामांकित

युगवार्ता    16-Nov-2026
Total Views |
मेड इन इंडिया–ए टाइटन स्टोरी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 16 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और जिम सर्भ अभिनीत वेब सीरीज 'मेड इन इंडिया–ए टाइटन स्टोरी' को 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) 2026 में बेस्ट वेब सीरीज (ओटीटी) श्रेणी के लिए नामांकन मिला है।

गोवा में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में मिली पहचान से सीरीज की पूरी टीम उत्साहित है। यह सीरीज टाटा समूह के चर्चित ब्रांड टाइटन के सफर को दर्शाती है। इसकी कहानी के जरिए भारतीय उद्यमिता, बड़े सपनों, नवाचार और दृढ़ संकल्प को सामने लाने की कोशिश की गई है।

रॉबी ग्रेवाल के निर्देशन में बनी इस सीरीज की परिकल्पना और निर्माण अल्माइटी मोशन पिक्चर की प्रबलीन संधू ने किया है। इसे टी-सीरीज फिल्म्स के साथ मिलकर बनाया गया है और इसकी कहानी विनय कामथ की किताब पर आधारित है। निर्माता प्रबलीन संधू ने नामांकन को पूरी टीम के लिए सम्मान बताते हुए कहा कि यह कहानी भारतीय उद्यमिता, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प का उत्सव है। दर्शकों से मिले प्यार के बाद आईएफएफआई जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पहचान मिलना उनके लिए गर्व का क्षण है। अभिनेता जिम सर्भ ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए पूरी टीम को बधाई दी। निर्देशक रॉबी ग्रेवाल ने इसे टीम की मेहनत और समर्पण का सम्मान बताया।

प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई यह सीरीज भारतीय कारोबारी जगत के एक प्रेरक अध्याय को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। टाइटन ब्रांड के निर्माण और उसके विकास की कहानी के जरिए इसमें भारतीय प्रतिभा, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना को दिखाया गया है। आईएफएफआई में नामांकन को सीरीज के लिए एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags