
उज्जैन, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में सोमवार को कार्तिक मास के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की पहली सवारी परंपरागत राजसी ठाट-बाट के साथ निकाली गई। चांदी की पालकी में मनमहेश स्वरूप में विराजित बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकले।
सवारी के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अवंतिकानाथ का स्वागत किया। जय श्री महाकाल के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। सवारी में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित महाकालेश्वर बैंड के साथ भजन मंडली, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
परम्परा के अनुसार, भगवान महाकाल की कार्तिक-अगहन मास में चार सवारियां निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान अवंतिकानाथ नगर भ्रमण कर अपनी प्रजा का हाल जानते हैं। कार्तिक अगहन मास की सवारियों के क्रम में सोमवार को कार्तिक मास की पहली सवारी नगर भ्रमण पर निकली। महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद शाम 4 बजे सवारी रवाना हुई। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल ने भगवान महाकाल को सलामी दी। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच पालकी नगर भ्रमण के लिए आगे बढ़ी।
सवारी महाकाल मंदिर से निकलकर गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए शिप्रा नदी के रामघाट पहुंची। यहां पुरोहितों ने भगवान महाकाल का शिप्रा के जल से अभिषेक और पूजन-अर्चन किया। कार्तिक मास में तीर्थ स्नान और पूजन का विशेष महत्व होने के कारण इस सवारी में रामघाट पर होने वाली पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है।
रामघाट पर पूजन के बाद सवारी गंधर्व घाट, गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर और ढाबा रोड होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार के रास्ते भगवान महाकाल मंदिर लौटे।
कार्तिक-अगहन में पांच बार नगर भ्रमण करेंगे बाबा
भगवान महाकाल की नगर भ्रमण की परंपरा केवल श्रावण और भादौ तक सीमित नहीं है। कार्तिक और अगहन मास में भी बाबा महाकाल सवारियों के माध्यम से नगरवासियों को दर्शन देते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार उज्जैन के अधिपति भगवान महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं। कार्तिक-अगहन मास में सवारियों का यह क्रम 7 दिसंबर तक चलेगा। आगामी 23 नवंबर को कार्तिक मास की दूसरी सवारी निकलेगी। इसी दिन रात 11 बजे हरिहर मिलन की सवारी गोपाल मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 30 नवंबर को अगहन मास की पहली और सात दिसंबर को अंतिम राजसी सवारी निकाली जाएगी।
22 नवंबर की रात होगा हरिहर मिलन
कार्तिक माह में धार्मिक परंपरा के अनुसार रविवार, 22 नवंबर को रात 11 बजे भगवान महाकाल की हरिहर मिलन सवारी निकाली जाएगी। इस विशेष अवसर पर भगवान श्री महाकालेश्वर मनमहेश स्वरूप में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। हरिहर मिलन को भगवान शिव और भगवान विष्णु के मिलन का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि चतुर्मास के दौरान भगवान विष्णु (हरि) सृष्टि के संचालन का जिम्मा भगवान महाकाल (हर) को सौंपकर बैकुंठ चले जाते हैं।
चतुर्मास के बाद बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान महाकाल सृष्टि के संचालन का भार वापस भगवान हरि को सौंपते हैं। इसी मान्यता के अनुसार, 22 नवंबर को उज्जैन में हरि-हर मिलन होता है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। धार्मिक नगर उज्जैन के मंदिर की परंपराओं के अनुसार यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर