चीन में गुरुवार को मिलेंगे पुतिन, जिनपिंग और ट्रंप, क्रेमलिन ने जताई बड़े प्रभाव की उम्मीद

युगवार्ता    16-Nov-2026
Total Views |

मॉस्को, 16 नवंबर (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच गुरुवार को चीन में होने वाली प्रस्तावित बैठक का वैश्विक मामलों पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। क्रेमलिन ने सोमवार को यह बात कही।

तीनों नेता चीन के शेनझेन शहर में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) मंच के शिखर सम्मेलन के दौरान एक साथ बैठक करेंगे। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने पत्रकारों को बताया कि यह मुलाकात चीनी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास पर होगी।

उशाकोव ने कहा कि इस बैठक के महत्व और प्रतीकात्मक संदेश को कम करके नहीं आंका जा सकता। उनके मुताबिक, यह अपनी तरह की पहली बैठक होगी। उन्होंने बताया कि इसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान तीनों देशों के बीच आपसी समझ और सहयोग की भावना के अनुरूप आयोजित करने पर सहमति बनी है। बैठक में संयुक्त राष्ट्र की स्थापना में तीनों देशों के योगदान और उनके सहयोग पर भी जोर दिया जाएगा।

उशाकोव ने कहा कि तीनों पक्ष इन सकारात्मक और रचनात्मक पहलुओं को आधार बनाकर सार्थक तथा विस्तृत चर्चा करने के लिए तैयार हैं। क्रेमलिन का मानना है कि इस बातचीत का समग्र अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य के विकास पर महत्वपूर्ण असर पड़ेगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags