थाईलैंड के फुकेत प्रांत में आग लगने से 11 लोगों की मौत

युगवार्ता    16-Nov-2026
Total Views |
थाईलैंड के प्रमुख प्रांत फुकेत में आग सोमवार तड़के लगभग सवा तीन बजे लगी। फोटो - बैंकॉक पोस्ट


फुकेत (थाईलैंड), 16 नवंबर (हि.स.)। थाईलैंड के प्रमुख प्रांत फुकेत में सोमवार तड़के काथू जिले के ताम्बोन पातोंग में आग लगने से पांच दुकानें (शॉपहाउस) जलकर खाक हो गईं। धुएं और आग की लपटों में फंसकर 11 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य झुलस गए। यह घटना राजधानी बैंकॉक से लगभग 860 किलोमीटर दक्षिण में हुई है। फुकेत थाईलैंड का सबसे बड़ा द्वीप है। यह देश के दक्षिणी पश्चिमी तट पर अंडमान सागर में स्थित है।

बैंकॉक पोस्ट अखबार की रिपोर्ट के अनुसार आग फांगमुआंग साई कोर रोड पर सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे लगी। सड़क किनारे लगा ट्रांसफॉर्मर फट गया और आग की लपटें मोटरसाइकिल किराये पर देने वाली दुकान के सामने स्थापित फ्यूल डिस्पेंसर (ईंधन मशीन) तक पहुंच गईं। मृतकों में आठ महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। झुलसे लोगों में 12 महिलाएं और चार पुरुष हैं। इनमें से एक व्यक्ति म्यांमार और बाकी सभी थाईलैंड के थे।

फुकेत पुलिस कमांडर मेजर जनरल सुराचाई सुकसाई ने बताया कि हमारे पास सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाह मौजूद हैं। उन्होंने आग लगाए जाने की संभावना को खारिज कर दिया है। फुकेत के गवर्नर चोटेनरिन केर्डसोम ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तूफान के दौरान मोटरसाइकिल की दुकान के सामने लगे सब स्टेशन के बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट हुआ होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags