रक्षा मंत्री 18-19 नवंबर को टोक्यो यात्रा पर जाएंगे, जापानी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फ़ाइल फोटो)


- टू प्लस टू वार्ता में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 से 19 नवंबर तक जापान की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे और इस दौरान जापान के विदेश और रक्षा मंत्रियों की 2 प्लस 2 वार्ता के चतुर्थ संस्करण में भाग लेंगे। वह जापान के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे। इस वार्ता में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ टोक्यो में आयोजित होने वाली इस 2 प्लस 2 मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस वार्ता में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा और स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की जाएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री के बीच होने वाली द्विपक्षीय बातचीत इस वर्ष की तीसरी बैठक होगी। दोनों मंत्री अगस्त में नई दिल्ली में हुई बातचीत और अक्टूबर में सेबू में 'आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस' के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यासों के दायरे को बढ़ाने, उनकी जटिलता तथा औद्योगिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श करेंगे।

भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। रक्षा मंत्री की यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच परिचालन और औद्योगिक सामंजस्य को बढ़ाने की रूपरेखा तैयार करना है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Tags