पॉक्सो मामले में कोकराझाड़ विशेष अदालत का बड़ा फैसला, दो दोषियों को प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
अदालत (प्रतीकात्मक)


कोकराझाड़ (असम), 17 नवम्बर (हि.स.)। नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में कोकराझाड़ की विशेष अदालत ने मंगलवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए दोनों दोषियों को प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई। विशेष न्यायाधीश नूरजमाल हक की अदालत ने खगेन मुसाहारी (45) और ऐनाल शेख (61) को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई।

पहला मामला गोसाईगांव थाना क्षेत्र का है। आरोप के मुताबिक, खगेन मुसाहारी ने खेल रही पांच वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में बच्ची की तबीयत खराब होने पर परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित बच्ची के परिजनों ने गोसाईगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस संबंध में गोसाईगांव थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया था। भारतीय न्याय संहिता की धारा 65 तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी। इस मामले में विशेष अदालत ने खगेन मुसाहारी को प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

दूसरा मामला गोसाईगांव थाना क्षेत्र के भदेयागुड़ी गांव का है। इस मामले में 61 वर्षीय ऐनाल शेख पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप था। आरोप के अनुसार, नाबालिग अपने घर से दादी के घर जा रही थी, रास्ते में आरोपित ने पीछे से उसे पकड़कर पास के सागवान के बागान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने गोसाईगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इस मामले में गोसाईगांव थाना कांड संख्या 141/25 तथा कोकराझाड़ विशेष अदालत वाद संख्या 83/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 172, 65 एवं 62 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

मंगलवार को विशेष अदालत ने ऐनाल शेख को भी प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

दोनों मामलों में अदालत के इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध यौन अपराधों के प्रति सख्त न्यायिक रुख के रूप में देखा जा रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

Tags