'रामायण' की कैकेयी को लेकर लारा दत्ता ने तोड़ी चुप्पी

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
लारा दत्ता - फोटो सोर्स इंस्टाग्राम


मुंबई, 17 नवंबर (हि.स.) l नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में अभिनेत्री लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं। राम को वनवास भेजने के फैसले के कारण कैकेयी को अक्सर नकारात्मक किरदार के रूप में देखा जाता है। हालांकि, लारा इस किरदार को अलग नजरिए से देखती हैं।

लारा ने अपने इंटरव्यू में कैकेयी का बचाव करते हुए कहा कि उनके बिना रामायण की कहानी आगे ही नहीं बढ़ती। उनके मुताबिक, कैकेयी का फैसला केवल महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि अपने बेटे भरत के अधिकार से भी जुड़ा था।

लारा ने कैकेयी और दशरथ के विवाह से जुड़ी उस कथा का उल्लेख किया, जिसमें राजा दशरथ ने कैकेयी के पिता को वचन दिया था कि उनका पुत्र अयोध्या के सिंहासन का उत्तराधिकारी बनेगा। उस समय कैकेयी दशरथ की तीसरी रानी बनने वाली थीं और उनके पिता विवाह को लेकर हिचकिचा रहे थे।

लारा के अनुसार, कैकेयी ने बाद में अपने बेटे के लिए वही अधिकार मांगा, जिसका वादा किया गया था। उन्होंने कहा कि कैकेयी प्यार और अपने बेटे के जन्मसिद्ध अधिकार के बीच फंसी हुई थीं।

लारा ने कैकेयी को जटिल किरदार बताते हुए कहा कि उन्हें हमेशा खलनायक के रूप में पेश किया गया, लेकिन कहानी के कुछ संस्करणों में उनके फैसले के पीछे दिव्य उद्देश्य भी बताया गया है। उनके मुताबिक, यदि राम अयोध्या के राजा बनकर सामान्य जीवन बिताते, तो रावण द्वारा सीता के अपहरण और उसके बाद की घटनाएं शायद नहीं घटतीं। राम के वनवास ने ही आगे चलकर रावण वध की भूमिका तैयार की। लारा का मानना है कि कैकेयी रामायण की बेहद महत्वपूर्ण पात्र हैं और उनके फैसले ने महाकाव्य की दिशा बदल दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags