मोदी की फिलीपींस यात्राः भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना, साइबर प्रशिक्षण और मुफ्त ई-वीजा सहित कई पहल की घोषणा

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 16-17 नवंबर की फिलीपींस यात्रा के दौरान भारत-आसियान समुद्री सहयोग, साइबर सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण खनिज और युवा संपर्क सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की पहल की गई। आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा और नालंदा विश्वविद्यालय में उनके लिए छात्रवृत्तियां बढ़ाने की भी घोषणा की गई।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी यात्रा के परिणामों की सूची के अनुसार, 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना की घोषणा की गई। इसके तहत संपर्क, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा के क्षेत्रों में मिलकर काम किया जाएगा।

क्षेत्र में क्षमता निर्माण के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान और भारत-आसियान अंतरिक्ष हैकाथॉन आयोजित करने की भी पहल की गई है। इसके अलावा खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

भारत-आसियान युवा संपर्क को मजबूत करने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित किए जाएंगे। नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियां बढ़ाई जाएंगी। वहीं, वेव्स-2027 में भारत-आसियान रचनात्मक साझेदारी मंडप स्थापित किया जाएगा। आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा देने की भी घोषणा की गई है।

प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी कई नई पहल की गईं। इनमें संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया के माध्यम से नाविकों की सुरक्षा के लिए ‘नाविक सुरक्षा पहल’ शामिल है।

सीमा पार अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों जैसी नई चुनौतियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन साइबर अपराध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा गुजरात के लोथल में पूर्वी एशिया समुद्री विरासत महोत्सव और नालंदा में पूर्वी एशिया विश्वविद्यालय सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की गई है। विश्वविद्यालय सम्मेलन का उद्देश्य पूर्वी एशिया के देशों के साथ शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

यात्रा के दौरान तीन प्रमुख दस्तावेज भी जारी किए गए। इनमें आपदा प्रबंधन में सहयोग पर भारत-आसियान संयुक्त वक्तव्य, ऑनलाइन धोखाधड़ी और संबंधित अपराधों के खिलाफ सहयोग मजबूत करने पर पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के नेताओं का वक्तव्य तथा ‘हमारे भविष्य का साथ मिलकर मार्गदर्शन : स्थिरता और नवीनीकरण’ विषय पर पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की घोषणा शामिल हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags