
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को पंजाब के जालंधर से भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अपने एक दिवसीय जालंधर प्रवास के दौरान वे डेरा सचखंड बल्लां में पूजा-अर्चना करेंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे और संत समाज के साथ सहभोज एवं संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:35 बजे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के समीप ग्राम रायपुर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर 2:55 बजे वे ग्राम रायपुर में संत समाज के साथ सहभोज और संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर सालभर चल रहा राष्ट्रीय अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को वर्षभर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर काशी से हुई थी।
अभियान के तहत अब तक देशभर में लगभग 29 हजार ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं। इसके अलावा 30 हजार से अधिक संतों से संपर्क किया गया है और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 51 हजार स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ आयोजित किए गए हैं।
सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरेगी यात्रा
इसी अभियान की अगली कड़ी में 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान यात्रा कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 3 दिसंबर को काशी में इसका समापन होगा।
यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी भाग लेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों, विशेषकर उनके ‘बेगमपुरा’ यानी दुख-रहित समाज की परिकल्पना और सामाजिक समानता के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के इस अभियान के तहत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के विचारों को विभिन्न राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी