ओमान तट के पास एलपीजी टैंकर पर हमले में एक भारतीय लापता, दो घायल; 21 को सुरक्षित निकाला गया

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘एमटी तारा गैस’ पर 16 नवंबर को हुए हमले के बाद उसमें सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित तट पर निकाल लिया गया है, जबकि दो घायल भारतीय चालक दल के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक भारतीय नागरिक अभी तक लापता है।

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के साथ समन्वय कर लापता भारतीय की तलाश और बचाव अभियान पर लगातार नजर रख रहा है। मंत्रालय ने बचाव प्रयासों में समय पर सहायता और सहयोग देने के लिए ओमान सरकार का आभार जताया है।

मंत्रालय ने क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नागरिक जहाजों के चालक दल की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए।

बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से निर्बाध नौवहन और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags