नितिन नवीन ने जालंधर से ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को दिखाई हरी झंडी

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |
16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा  कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन


डेरा सचखंड बल्लां प्रमुख संत निरंजन दास जी से मिलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन


- गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यात्रा सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी

जालंधर, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को जालंधर से 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह यात्रा सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशा मुक्त, गैंगस्टर मुक्त और विकसित पंजाब बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में आप सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

यात्रा रवाना करने से पहले नितिन नवीन पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी, श्री गुरु रविदास जी महाराज और महान गुरु साहिबानों के समक्ष नतमस्तक होकर संगत का अभिवादन किया। जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव रायपुर-रसूलपुर में आयोजित विशाल धार्मिक सभा में पहुंचने से पहले उन्होंने संतों-महापुरुषों के साथ बैठकर प्रसादा ग्रहण किया। मंच पर गुरु रविदास जी की तस्वीर के समक्ष माथा टेकने के बाद उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरु रविदास जी की विरासत और शिक्षाओं को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखना, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री से सम्मानित करना, मध्य प्रदेश के सागर में 101 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण और काशी स्थित गुरु रविदास जी के जन्मस्थान पर सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

उन्होंने गुरु रविदास जी के ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और पीएम-अजय जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित परिवारों को सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के पिछड़े वर्गों के युवाओं को भी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि वे डॉक्टर और इंजीनियर बनकर देश की तरक्की में योगदान दे सकें।

पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले नशा मुक्त पंजाब बनाने का वादा किया था, लेकिन इस दिशा में सरकार अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने के बजाय सरकार पंजाब के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा अपने नशा मुक्त अभियान को निर्णायक सफलता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए नवीन ने कहा कि पंजाब में अपराध और गैंगस्टरवाद की समस्या गंभीर होती जा रही है। उनके अनुसार, राज्य में पुलिस कर्मचारी और पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं तथा महिलाओं को भी बुनियादी सुरक्षा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगों के बंद होने और रोजगार के अवसर कम होने के कारण युवाओं को मजबूरी में दूसरे राज्यों और विदेशों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को अरविंद केजरीवाल की जेबें भरने के लिए ‘एटीएम’ बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित करने के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है और बदलाव के नाम पर लोगों के धन का दुरुपयोग हो रहा है। राज्य सरकार के प्रचार आधारित ‘करोड़पति’ कार्यक्रम पर टिप्पणी करते हुए नवीन ने कहा कि सरकार लाखों युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रहने के बावजूद एक युवा को करोड़पति बनाने के कार्यक्रम का प्रचार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और सरकार को विभिन्न मामलों में हाईकोर्ट की ओर से भी फटकार लगाई जा रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल के दौरान संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने 1984 के सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जिस दिन सिखों का कत्लेआम हुआ, उसी दिन कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली की थी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग उस दौर को नहीं भूले हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया भर में भारत की आर्थिक प्रगति, निवेश और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि राहुल गांधी विदेशों में भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व आर्थिक मंच का हवाला देते हुए कहा कि जहां वैश्विक संस्थाएं भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना कर रही हैं, वहीं कांग्रेस नेतृत्व देश की स्थिति को लेकर नकारात्मक तस्वीर पेश कर रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सीमाओं और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर मजबूत रुख अपना रहा है। उन्होंने कहा कि देश को धमकी देने वालों को भारत मुंहतोड़ जवाब देता है। सीमावर्ती गांवों को देश के अंतिम गांवों के बजाय पहले गांवों के रूप में देखने की नीति का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने पंजाब के लोगों से भाजपा और एनडीए को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब का सुरक्षित, खुशहाल और विकसित होना देश के 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य के लिए जरूरी है। उन्होंने गुरु रविदास जी के जयकारों के बीच अपने संबोधन का समापन किया।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, अविनाश राय खन्ना, संदीप पाठक, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, राजेश बग्गा, अनिल सरीन, रजनीश धीमान, परमिंदर बराड़, शीतल अंगुराल, चरणजीत सिंह अटवाल, सुशील रिंकू और अशोक सरीन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Tags