प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट ने तैयारियों का लिया जायजा

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने वैशाली जिले का किया भ्रमण, साथ में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री निशांत


मुख्यमंत्री पत्रकार वार्ता के दौरान बिहार के वैशाली में


-प्रधानमंत्री 21 नवंबर को करेंगे ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण- वैशाली में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण

पटना, 18 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने राघोपुर के रुस्तमपुर में नवनिर्मित हेलीपैड का निरीक्षण किया। साथ ही पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे और कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता उनके स्वागत के लिए उत्साहित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण काम किया। कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल की डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार की गई थी और वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार उनके विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने इस पूरे इलाके की स्थिति को समझते हुए अभियान चलाकर पुल निर्माण की पहल की थी। उनके आग्रह पर नीतीश कुमार ने सुल्तानगंज-अगवानी पुल को वर्ष 2013 में स्वीकृति दी थी। वर्ष 2010 में इस इलाके में आयोजित चुनावी सभा के दौरान उन्होंने जनता से यहां पुल बनवाने का वादा किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी और गर्व है कि छह लेन पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ के रूप में किया गया है।

इसके बाद मुख्यमंत्री राजापाकर स्थित बनारसी चौक और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र (जाफरपट्टी) पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम स्थल के समीप प्रधानमंत्री के वैशाली आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई।

बैठक में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 21 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, कार्यक्रम स्थल के मानचित्र, हेलीपैड, विभिन्न प्रकार के वाहनों की पार्किंग, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन और आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक लोगों का आवागमन सुगम और व्यवस्थित रखने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वाहनों का परिचालन भी सुचारू रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक मंगल पांडेय, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक अनिल कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Tags