राहुल गांधी पर कथित आपत्तिजनक एआई वीडियो प्रसारित करने पर युवा कांग्रेस ने जताई नाराजगी, माफी की मांग

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने राहुल गांधी को निशाना बनाकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार वीडियो प्रसारित किए जाने की निंदा की है। संगठन ने बुधवार को पुडुचेरी में भाजपा सरकार और गोवा में आम आदमी पार्टी (आआपा) से जुड़े आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित इन वीडियो को तत्काल हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाकर इस तरह की एआई से तैयार सामग्री प्रसारित करना विपक्ष की निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों के मुद्दे उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

चिब ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि तकनीक का इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि खराब करने के हथियार के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि यह राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यमों से तैयार प्रचार सामग्री के जरिए सार्वजनिक विमर्श को दूषित करने का प्रयास है। उन्होंने दोनों दलों को चुनौती दी कि वे बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी इसी तरह वीडियो बनाकर जवाब दें।

शर्मा ने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री तत्काल हटाई जाए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए। ऐसा नहीं होने पर भारतीय युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक और कानूनी कार्रवाई तेज करेगी।

भारतीय युवा कांग्रेस ने मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया हैंडल से आपत्तिजनक एआई वीडियो हटाए जाएं, दोनों दलों के राष्ट्रीय नेतृत्व सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा सामग्री तैयार करने और प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं सोशल मीडिया टीमों की जवाबदेही तय की जाए। संगठन ने लागू कानूनों और सोशल मीडिया नियमों का उल्लंघन करने वाली सामग्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विचारों, नीतियों, जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक बहस पर आधारित होनी चाहिए, न कि डिजिटल माध्यमों से किसी की छवि खराब करने पर।----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Tags