(अपडेट) एनटीपीसी परियोजना हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेगा 60-60 लाख रुपये का मुआवजा

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |
घटनास्थल


प्रदर्शन


बैठक में उपस्थित


-परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति-टंडवा में निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में हुआ भीषण हादसा, पांच मजदूर आए चपेट में-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज का निर्देश

चतरा, 18 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का वजन बढ़ाने के दौरान हुआ। अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में काम कर रहे पांच मजदूर आ गए। हादसे के बाद मृतकों के आश्रितों को 60-60 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी।

मृतकों की पहचान टंडवा निवासी राजेन्द्र सोनी (52), हजारीबाग जिले के सिरसी निवासी बालेश्वर पासवान (42) और बिहार के जहानाबाद निवासी बबलू सिंह (40) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू और बिहार के औरंगाबाद निवासी रंजीत यादव शामिल हैं।

हादसा उस वक्त हुआ, जब पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का काम चल रहा था। इस दौरान दो मजदूर ऊपर चढ़कर काम कर रहे थे, जबकि तीन मजदूर नीचे काउंटर वेट में वजन बढ़ाने के काम में जुटे थे। इसी बीच अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर पड़ा और पांचों मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में राजेन्द्र सोनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य मजदूरों को तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बालेश्वर पासवान और बबलू सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। परिजन प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। बताया जाता है कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का काम मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप कंपनी को सौंपा गया है।

हादसे के बाद मृतकों के शव एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में रखे गए थे। इस दौरान मृतकों की संख्या को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे पत्रकारों को सीआईएसएफ के जवानों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास और जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद पत्रकारों को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति मिली। इस दौरान जेएमएम जिलाध्यक्ष मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और पत्रकारों के समर्थन में नारेबाजी की।

हादसे के बाद संजीवनी अस्पताल में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मृतकों के परिजनों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच घंटों वार्ता हुई। जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी।

शुरुआत में प्रबंधन की ओर से कंपनी की तरफ से 18 लाख रुपये और बीमा के तहत 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया। इस पर परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद आक्रोशित लोग शवों को लेकर एनटीपीसी के मुख्य द्वार को जाम करने के लिए निकल पड़े।

स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त बीमा के तहत 10 लाख रुपये दिलाने और प्रत्येक मृतक के एक आश्रित को नौकरी देने पर सहमति बनी। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 60 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

वार्ता में विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन, जिला परिषद सदस्य सुभाष यादव, मजदूर यूनियन के बिनोद बिहारी पासवान, सुनील चौरसिया, गोविंद तिवारी, सुभाष दास, जागेश्वर दास, रवि गुप्ता और नितेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीओ प्रदीप कुमार, सीओ गौरव रॉय, बीडीओ देवलाल उरांव और थाना प्रभारी विपिन कुमार भी वार्ता में शामिल हुए।

एनटीपीसी परियोजना में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे के बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रबंधन के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मौत हुई है, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं।

प्रबंधन ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिया है। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

एनटीपीसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Tags