नशामुक्त भारत और दिव्यांगजन सशक्तीकरण पर मंथन, कल सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के दो दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्यक्रम 19 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे सुषमा स्वराज भवन में आयोजित होगा।

प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित विभागीय सम्मेलनों की श्रृंखला का यह तीसरा सम्मेलन है। इसका उद्देश्य सहकारी संघवाद को मजबूत करना, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करना और केंद्र तथा राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए निर्धारित लक्ष्यों को तेजी से हासिल करना है।

18 और 19 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण से जुड़े विभागों के राज्यों के राजनीतिक नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इनमें नशामुक्त भारत के लिए नशे की रोकथाम और मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने की रणनीति, एक राष्ट्र-एक छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को सुलभ छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना, दिव्यांगता के बोझ को कम करने के लिए शुरुआती स्तर पर हस्तक्षेप तथा विकसित भारत के लिए सुगम्य भारत अभियान को आगे बढ़ाना शामिल हैं।

सम्मेलन केंद्र और राज्य सरकारों को अपने अनुभव साझा करने, बेहतर कार्यप्रणालियों से सीखने और संबंधित क्षेत्रों की प्राथमिकताओं पर सामूहिक रूप से विचार करने का अवसर प्रदान करता है। इसमें योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों के समाधान, शासन व्यवस्था में सुधार और आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने पर भी चर्चा की जा रही है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags