वोट चोरी पर चुनाव बहिष्कार से इनकार करते हुए राहुल गांधी ने कहा- इससे जनता लोकतंत्र से विश्वास खो देगी

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
Rahul Gandhi


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि वोट चोरी पर विपक्ष का चुनाव बहिष्कार जनता का लोकतंत्र पर से विश्वास समाप्त कर देगा। भारतीय जनता पार्टी भी यही चाहती है। इसी कारण से विपक्ष चुनाव भागीदारी जारी रखे हुए है। यह लड़ाई सत्ता की नहीं बल्कि संविधान की है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज ईरान युद्ध और विश्व में भारत की भूमिका विषय पर शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कई प्रश्नों का उत्तर दिया।

उन्होंने कहा, “बार-बार ये सवाल आता है - भाजपा-चुनाव आयोग की वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं कर देता? जवाब साफ़ है: हमारे लिए भारत का लोकतंत्र सबसे पवित्र है। जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ा, उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा ही उठ जाएगा - और भाजपा यही चाहती है। हम ये भरोसा टूटने नहीं देंगे। हम हर चोट सहेंगे, हर वोट के लिए लड़ेंगे, हर सच देश के सामने रखेंगे। ये लड़ाई सत्ता की नहीं, संविधान की है - इसकी रक्षा में हम मैदान में थे, हैं और रहेंगे।”

राहुल ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि हमारी सबसे बड़ी ताकत यानी जनता बिना किसी डर के खुद को व्यक्त करने की क्षमता, एक बार फिर पुनर्जीवित हो और एक प्रमुख ताकत बनी रहे।

इस दौरान राहुल गांधी ने भारत सरकार के आतंक के रहते पाकिस्तान से बातचीत नहीं करने की नीति को ही दोहराया। उन्होंने कहा कि एक पाकिस्तानी छात्र के सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में आतंकवाद को समर्थन और प्रोत्साहन सबसे बड़ी समस्या है। असंभव है कि हम अपने निर्दोष लोगों की हत्या को सहन करें और साथ ही पाकिस्तान से बातचीत भी करें। इसलिए, जिस क्षण यह रुकेगा, तभी बातचीत शुरू हो सकती है।

इजरायल के संबंध में राहुल ने कहा कि वे देश के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने का पूरी तरह से समर्थन करते हैं लेकिन भारत को वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभानी चाहिए और अपना प्रभाव प्रदर्शित करना चाहिए। इसे किसी के द्वारा रोका नहीं जाना चाहिए। भारत को अपने सिद्धांतों पर अडिग रहना चाहिए। अक्टूबर में हुए घटनाक्रम कि वे कड़ी निंदा करते हैं और यह बेहद भयावह था। लेकिन वे गाज़ा में इज़राइल द्वारा किए गए कृत्यों की भी कड़ी निंदा करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags