भारत में गोल्फ सुविधा विकसित करने को पीजीए ऑफ अमेरिका और विमत्रा वेंचर्स की साझेदारी

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
पीजीए ऑफ अमेरिका लोगो


फ्रिस्को (टेक्सास), 19 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका की प्रमुख गोल्फ संस्था पीजीए ऑफ अमेरिका ने भारत में गोल्फ के विकास को नई गति देने के लिए सैन फ्रांसिस्को स्थित वेंचर कैपिटल फर्म विमत्रा वेंचर्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत भारत में पीजीए ब्रांडेड गोल्फ कम्युनिटी विकसित की जाएगी।

प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक गोल्फ सुविधा और आवासीय कम्युनिटी का विकास किया जाएगा। यहां रहने वाले लोगों और आगंतुकों को पीजीए से प्रेरित गोल्फ कार्यक्रमों, कोचिंग, खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी पहल और प्रीमियम गोल्फ सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस परियोजना की पहली सुविधा वर्ष 2029 में तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शुरू करने की योजना है।

यह साझेदारी भारतीय गोल्फ में विमत्रा वेंचर्स के निवेश को भी आगे बढ़ाएगी। कंपनी हाल ही में स्थापित एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) में चेन्नई लायंस जीसी फ्रेंचाइजी की मालिक है। इस टीम ने अनुभवी भारतीय गोल्फर गगनजीत भुल्लर के नेतृत्व में हैदराबाद और विशाखापत्तनम में लगातार दो आईजीपीएल खिताब जीते हैं।

इस परियोजना का उद्देश्य केवल गोल्फ कोर्स विकसित करना नहीं बल्कि गोल्फ को केंद्र में रखकर ऐसा आवासीय और मनोरंजक वातावरण तैयार करना है, जहां लोग खेल से जुड़ सकें और इसे अपने जीवन का हिस्सा बना सकें।

पीजीए ऑफ अमेरिका के ग्लोबल डेवलपमेंट निदेशक सीन थॉर्नबेरी ने कहा कि भारत, वैश्विक स्तर पर गोल्फ के विकास के लिए बेहतरीन दीर्घकालिक अवसर पेश करता है। विमत्रा वेंचर्स के साथ साझेदारी से हमें पीजीए ऑफ अमेरिका के ब्रांड की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को ऐसे संगठन की विशेषज्ञता के साथ जोड़ने का अवसर मिलेगा, जो भारत के निवेश परिदृश्य और गोल्फ बाजार को अच्छी तरह समझता है। हम इस नई परियोजना को लेकर उत्साहित हैं। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को गोल्फ से जोड़ने के साथ भारत में गोल्फ आधारित आवासीय जीवनशैली के लिए एक नया मानक स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

विमत्रा वेंचर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभाष यम्माडा ने कहा कि भारत में गोल्फ एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसके पीछे उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि, निवेश में विस्तार और प्रीमियम लाइफ स्टाइल अनुभवों की बढ़ती मांग है। उन्होंने कहा कि पीजीए ऑफ अमेरिका के साथ साझेदारी से हमें गोल्फ के सबसे प्रतिष्ठित ब्रांडों में से एक को भारत लाने का मौका मिला है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags