सोने में गिरावट से ग्राहकों को राहत, ज्वेलर्स के मुनाफे पर दबाव

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। शादियों के सीजन की शुरुआत से ठीक पहले सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने आम खरीदारों के चेहरे खिला दिए हैं। पिछले कई महीनों की रिकॉर्ड महंगाई के बाद अब सोना चौदह महीने के निचले स्तर पर आ गया है, जिससे सर्राफा बाजार में रौनक लौट आई है। हालांकि ग्राहकों के लिए यह राहत आभूषण कारोबारियों यानी ज्वेलर्स के लिए दोधारी तलवार साबित हो रही है। एक ओर उनकी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है तो दूसरी ओर पुराने स्टॉक की घटती कीमत ने उनके मुनाफे पर जोखिम बढ़ा दिया है।

घरेलू बाजार में सोने के दाम में हाल के दिनों में तेज सुधार देखा गया है। चौबीस कैरेट सोने का भाव 18 नवंबर को गिरकर करीब एक लाख पैंतीस हजार रुपये प्रति दस ग्राम के आसपास आ गया, जो पिछले चौदह महीनों का सबसे निचला स्तर है। इसके पहले इसी साल जनवरी के अंत में सोने ने करीब 1.80 लाख रुपये का ऑल टाइम हाई लेवल को टच किया था। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और लंबे समय तक ब्याज दरों के ऊंचे बने रहने की आशंका से सोने पर दबाव बना है। इसके अलावा ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली ने भी कीमतों को नीचे लाने का काम किया है।

कीमतों में इस नरमी का सबसे सकारात्मक असर शादी-ब्याह की खरीदारी पर पड़ा है। दिल्ली के प्रसिद्ध चांदनी चौक स्थित दरीबा ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुण गुप्ता के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले कारोबार में करीब पच्चीस प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते दस से बारह महीनों से चली आ रही सुस्ती अब खत्म होती दिख रही है। ग्राहक अब बाईस कैरेट के हल्के वजन वाले आभूषणों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं। न केवल दिसंबर की शादियों के लिए बल्कि जनवरी और अगले साल होने वाले विवाह समारोहों के लिए भी लोगों ने अभी से खरीदारी शुरू कर दी है।

इस साल हिंदू पंचांग के अनुसार विवाह के शुभ मुहूर्त काफी सीमित हैं। दिसंबर के अंत तक केवल ग्यारह और जनवरी में नौ शुभ तिथियां ही बची हैं, जिसके कारण बाजार में कम समय में ज्यादा खरीदारी का दबाव बन रहा है। तरुण गुप्ता बताते हैं कि दिवाली के बाद से सोने के सिक्कों और बार के बजाय हार, अंगूठी और चूड़ियों की मांग में जबरदस्त तेजी आई है। खरीदार मौजूदा गिरावट को एक सुनहरे मौके के रूप में देख रहे हैं।

आपको बता दें कि एक साल पहले नवंबर 2025 में सोना 1.20 लाख रुपये के आसपास था, लेकिन इस साल की शुरुआत में सोने में आई तेजी के कारण इस चमकीली धातु का मौजूदा स्तर ग्राहकों को काफी किफायती लग रहा है।

जहां एक तरफ ग्राहक खुश हैं, वहीं सर्राफा व्यापारियों के सामने इन्वेंटरी यानी पुराने स्टॉक के मूल्यांकन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। ज्वेलर्स आमतौर पर अपने पास सोने का बड़ा भंडार रखते हैं। जब उन्होंने ऊंचे दाम पर सोना खरीदा हो और बाजार भाव अचानक गिर जाए तो कम कीमत पर गहने बेचने से उनके मुनाफे का मार्जिन घट जाता है। जानकारों का कहना है कि बड़े और संगठित ज्वेलर्स के पास हेजिंग और बेहतर स्टॉक प्रबंधन की व्यवस्था होती है, जिससे वे इस उतार-चढ़ाव को संभाल लेते हैं। लेकिन छोटे दुकानदारों के लिए बिना हेजिंग के इस नुकसान से बचना मुश्किल हो जाता है।

अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थान गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि सोने में आई यह गिरावट स्थायी नहीं है। संस्था ने 2027 के अंत तक सोने के अनुमानित भाव को थोड़ा घटा कर 4,650 डॉलर प्रति औंस जरूर किया है लेकिन केंद्रीय बैंकों की खरीद और भविष्य में अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद के दम पर इसमें फिर से तेजी आने की बात कही है।

दूसरी ओर, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के हालिया सर्वेक्षण से भी पता चलता है कि देश के प्रमुख शहरों में लगभग तीस प्रतिशत उपभोक्ता आने वाले महीनों में सोने के आभूषणों की खरीद बढ़ाने की योजना बना रहे हैं, जिसमें पच्चीस प्रतिशत हिस्सेदारी शादी-ब्याह की मांग की है।

कुल मिलाकर, भारतीय सर्राफा बाजार के लिए कीमतों में स्थिरता सबसे अहम मानी जा रही है। यदि दाम बहुत ज्यादा गिरते हैं तो व्यापारियों को स्टॉक पर घाटा होगा और यदि कीमतें फिर से तेजी से भागती हैं तो ग्राहकों के कदम ठिठक सकते हैं। फिलहाल सस्ते सोने ने शादियों के बाजार में नई जान फूंक दी है, जिससे आने वाले हफ्तों में कारोबार के और चमकने की उम्मीद है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags