राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में कर रहा है प्रवेश : मुख्यमंत्री डॉ.यादव

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के शुभारंभ समारोह में भारतीय हॉकी टीम की जर्सी को लॉंच किया।


महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ के बाद खिलाड़ियों से परिजय प्राप्त करते हुए मुख्यमंत्री


महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ के बाद खिलाड़ियों से परिजय प्राप्त करते हुए मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री ने महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के शुभारंभ समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया


- मुख्यमंत्री ने भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैम्पियनशिप का किया शुभारंभ, भारतीय टीम की स्पोर्ट्स जर्सी की लाँच

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सहित देशभर में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार शाम को राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित में आयोजित एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर भारत की टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन किया। उन्होंने पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में पहली बार महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन मध्य प्रदेश के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय है। राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की टीमें भाग ले रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश में विभिन्न खेलों गतिविधियों के अधोसंरचना विकास और सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के लिए खेल और खिलाड़ियों की दृष्टि से आज स्वर्णिम दिवस है।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों का अभिवादन किया। बरखेड़ा नाथू में स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियनशिप का पहला मैच भारत और मलेशिया की महिला टीमों के बीच खेला गया। मेजबान भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर विजय अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दर्शकों और खेल पदाधिकारियों के साथ भारतीय टीम के खिलाड़ियों का हौसला अफजाई की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इंटरनेशनल एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ, विशेषकर खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव के क्षण हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से पूर्व भारत और मलेशिया की महिला हॉकी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, मध्य प्रदेश की अतिथि सत्कार की गौरवशाली परंपरा की सुखद अनुभूति प्राप्त करेंगे।

महिला एशियन चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल संगठनों के पदाधिकारी दिग्विजय सिंह, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, खेल विभाग के सचिव संजीव सिंह, खेल संचालक चंचल शेखर के अलावा पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद, महबूब खान, जलालुद्दीन रिजवी, मोहम्मद यूसुफ, मधु यादव, समीर दाद, विवेक सागर और एशियाई खेलों के पूर्व खिलाड़ी उपस्थित थे। हॉकी स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उत्साह के साथ मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags