


भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत ने 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश में 50 करोड़ उपभोक्ता 5जी इस्तेमाल करते हैं। भारत 6जी इंटरनेट सुविधा के विकास में भी दुनिया का नेतृत्व करेगा। बदलते माहौल में भारत टेलीकॉम सर्विस के सबसे बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया गुरुवार को भोपाल में आयोजित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड) निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ किया।
सिंधिया ने कहा कि अतिथि देवो भव: मध्य प्रदेश की परंपरा रही है। आज जो निवेशक अतिथि के रूप में पधारे हैं, वे भविष्य में मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाकर यही के निवासी भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास का नक्शा तैयार हुआ है, संकल्प, निष्ठा के साथ एक क्रांति पैदा हुई है, जिसकी नींव 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री मोदी के नेतृ्त्व में रखी गई थी।
उन्होंने कहा कि दूरसंचार के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ा है। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 6 करोड़ ब्रॉडबैंड उपभोक्ता थे। आज इनकी संख्या 16 गुना बढ़कर 102 करोड़ हो चुकी है। इंटरनेट कनेक्शन भी 25 करोड़ से बढ़ते हुए आज 110 करोड़ तक पहुंचे हैं। स्मार्टफोन और इंटरनेट की सुविधा से अब दुनिया के किसी भी कोने में सम्पर्क हर व्यक्ति के लिए सरल हुआ है। देश में 4जी कनेक्टिविटी 99 प्रतिशत गांवों और प्रत्येक जिले तक पहुंच गई है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश में स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) विकसित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आज ग्वालियर में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के सहयोग से टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन आकार ले रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में देश के कई राज्यों से टीएमजेड में निवेशकों के आने का सिलसिला जारी है। ग्वालियर की अपनी संगीत, कला, संस्कृति और प्राचीन विरासत रही है। ग्वालियर में उद्योग-व्यापार की लंबी परंपरा रही है। ग्वालियर देश के मध्य में स्थित होने के कारण बेहतर कनेक्टिविटी रखता है। दिल्ली से ग्वालियर की दूरी भी कम है, एक्सप्रेसवे का निर्माण यात्रा के समय को कम करेगा। ग्वालियर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जहां से टीएमजेड की दूरी मात्र 20 मिनट है।
केन्द्रीय संचार मंत्रालय के अपर सचिव श्यामल मिश्रा ने कहा कि भारत कई सालों से टेलीकॉम सेवाओं का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के आधार पर दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम सेक्टर में शोध, नवाचार, डिजाइन को प्रोत्साहन दिया है। हम भारत को टेलीकॉम सेक्टर में सबसे बड़ा हब बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत सरकार ने ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के विकास के लिए पहले चरण में 493 करोड़ की सहायता प्रदान की। मध्य प्रदेश की उद्योग मित्र नीतियों के कारण टीएमजेड प्लग एंड प्ले मॉडल के रूप में विकसित होगा, जहां रिसर्च एंड डेवलपमेंट की सभी सुविधाएं होंगी। दूसरे फेस का शुभारंभ भी हो रहा है। टीएमजेड मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार देगा और टेलीकॉम सेक्टर में ग्लोबल हब के रूप में उभरेगा।
अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास के लिए तेज गति से आगे बढ़ने में विश्वास रखता है। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन का कम समय में आकार लेना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रभुराम चौधरी और महापौर मालती राय तथा बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर