
नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को देश के उद्योगों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय यह तय करने का है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने दीर्घकालिक निवेश निर्णय में भारत प्रथम को सोच का आधार बनाना होगा। देश के आत्मनिर्भर बनने पर व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने इस संदर्भ में गांधीजी की साल 1930 में कही गई बात को उद्धृत करते हुए कहा, 100 साल हो गए... लेकिन 1930 में गांधी यही कहकर गए थे और आज इतने साल के बाद मुझे भी यही कहना पड़ रहा है। मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत कहकर गए थे। मेरी इस बात को भी घर-घर में पहुंचाओ!
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को उद्योग संघ (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का दिल्ली के भारत मंडप में उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत को यह विचार करना चाहिए कि भारत में कौन-से ऐसे निर्माण घटक हैं जिनका भारत में ही निर्माण एवं उत्पादन संभव है। उन्होंने इस संदर्भ में फार्मा उद्योग का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड कहते हैं, इसके बावजूद भारत हर साल एपीआई, बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का बिलियंस ऑफ डॉलर का इंपोर्ट करता है।
उन्होंने कहा, ऐसी सैकड़ों कैटेगरी हैं, जिनमें हम आज इंपोर्ट पर निर्भर हैं। हमारी फार्मा इंडस्ट्री को समझना होगा कि ऐसे कौन-से इंग्रेडिएंट्स हैं, जिन्हें हम भारत में बना सकते हैं। किन क्षेत्रों में नई टेक्नोलॉजी और बड़े प्रोडक्शन प्लांट में इन्वेस्ट करके हम दूसरे देशों के सामने कॉम्पिटिटिव बन सकते हैं?
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से आग्रह किया कि उन्हें भारत के कृषि क्षेत्र में अपना निवेश बढ़ाना चाहिए। स्पेसिफिक ओवरसीज मार्केट को ध्यान में रखकर डिपेंडेबल प्रोक्योरमेंट की व्यवस्था बनानी चाहिए और ऐसे प्रोडक्ट बनाइए जिनकी वहां डिमांड है, ताकि भारत के प्रोडक्ट्स दुनिया में हमारी पहचान बन सकें।
फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी संस्था का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।
पिछले 100 वर्षों की भारतीय अर्थव्यवस्था की यात्रा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सामूहिक प्रयास से बहुत कुछ हासिल किया है। आज भारत में प्रगति की गति बहुत तेज है। साथ-साथ गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी बहुत तेज है। वर्ल्ड बैंक की जो ताजा रिपोर्ट आई है, वह हम सभी को गर्व से भरने वाली है। यह रिपोर्ट कहती है कि सिर्फ 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पराजित किया है।
उन्होंने कहा कि फिक्की भी इस बात का साक्षी है। यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में चल रहा है, वह सही, सटीक है और उसमें देश की सफलता की गारंटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा